Dark Mode
विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

 

जयपुर। पंद्रहवीं राज्य विधानसभा के अष्टम सत्र के पुनः शुरू होने के पहले दिन शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने सदन में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल, पूर्व सदस्य एवं राज्य मंत्री श्री अब्दुल अजीज, पूर्व सदस्य श्रीमती पुष्पा देवी एवं पूर्व सदस्य श्री भंवरलाल जोशी के निधन पर तथा 2 जून, 2023 को बालासोर रेल हादसे में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस बिछोह को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

डॉ. जोशी ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल का जन्म 8 दिसम्बर, 1927 को पंजाब के अबुल खुराना ग्राम में हुआ था। उन्होंने लाहौर के कॉलेज से स्नातक उपाधि प्राप्त की। स्वर्गीय श्री बादल पंजाब विधान सभा के दस बार सदस्य निर्वाचित हुए। दीर्घ संसदीय अनुभव रखने वाले श्री बादल पंजाब विधानसभा की कई समितियों के सदस्य रहे तथा तीन बार पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। उन्होंने कहा कि कुशल प्रशासक रहे स्वर्गीय श्री बादल पंजाब के पाँच बार मुख्यमंत्री भी रहे। श्री बादल वर्ष 1977 में फरीदकोट संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए तथा केन्द्रीय सरकार में मंत्री भी रहे। वे सामाजिक एवं कृषि संगठनों से सम्बद्ध रहे तथा श्री बादल ने शिक्षा प्रसार, स्वास्थ्य सेवा सुधार, आर्थिक विकास, कृषि और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2015 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। श्री प्रकाश सिंह बादल का 25 अप्रैल, 2023 को निधन हो गया।

डॉ. जोशी ने कहा कि श्री अब्दुल अजीज का जन्म 12 जुलाई, 1937 को मकराना, जिला नागौर में हुआ। स्वर्गीय श्री अब्दुल अजीज छठी, आठवीं तथा ग्याहवीं राजस्थान विधानसभा में मकराना विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। विधानसभा कार्यकाल के दौरान वे गृह समिति, पुस्तकालय समिति, प्राक्कलन समिति ख तथा विशेषाधिकार समिति के सदस्य भी रहे। स्वर्गीय श्री अब्दुल अजीज राजस्थान सरकार में 5 दिसम्बर, 1998 से 13 मई, 2002 तक वक्फ, भाषाई अल्पसंख्यक, सांख्यिकी, प्राथमिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं भाषा विभाग के राज्य मंत्री भी रहे। श्री अब्दुल अजीज का 10 जुलाई, 2023 को निधन हो गया।

डॉ. जोशी ने कहा कि पूर्व सदस्य श्रीमती पुष्पा देवी का जन्म 26 जनवरी, 1930 को दिल्ली में हुआ। उन्होंने विशारद तथा हिन्दी प्रभाकर की शिक्षा प्राप्त की। स्वर्गीय श्रीमती पुष्पा देवी आठवीं राजस्थान विधानसभा में अलवर से विधायक निर्वाचित हुईं। विधानसभा के कार्यकाल के दौरान वे याचिका समिति तथा नियम समिति की सदस्य रहीं। सार्वजनिक जीवन में श्रीमती पुष्पा देवी नगर परिषद्, अलवर की पार्षद तथा खादी बोर्ड की अध्यक्ष रहीं तथा समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष, नारी उद्योग शाखा अलवर की उपाध्यक्ष एवं राज्य बाल श्रमिक सलाहकार मण्डल की सदस्य भी रहीं। श्रीमती पुष्पा देवी का 15 जून, 2023 को निधन हो गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व सदस्य श्री भंवरलाल जोशी का जन्म 7 जुलाई, 1926 को लाडपुरा, भीलवाड़ा में हुआ। उन्होंने हाई स्कूल तक की शिक्षा प्राप्त की। श्री भवंरलाल जोशी नौवीं राजस्थान विधानसभा में माण्डलगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। विधानसभा के कार्यकाल के दौरान वे प्रश्न एवं संदर्भ समिति के सदस्य रहे। पंचायत लाडपुरा के सरपंच रहे स्वर्गीय श्री जोशी डेढ़ दशक तक पंचायत समिति, माण्डलगढ़ के प्रधान रहे ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे श्री जोशी भूमि विकास बैंक के निदेशक, ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष तथा कृषि उपज मण्डी के निदेशक भी रहे। स्वतंत्रता आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले श्री जोशी ने अनेक आन्दोलनों का नेतृत्व किया। समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहे श्री जोशी अनेक सामाजिक संगठनों से सम्बद्ध रहे। वे चारभुजा प्रबंध समिति, सिंगोली तथा जोगणिया माता शक्तिपीठ के अध्यक्ष भी रहे। श्री भंवरलाल जोशी का 17 जून, 2023 को निधन हो गया।

इस अवसर पर डॉ. जोशी ने 2 जून, 2023 को ओडिशा के बालासोर जिले में हुए रेल हादसे  पर शोक व्यक्त करते हुए  कहा कि इस हृदय विदारक रेल दुर्घटना में लगभग 393 लोगों की मृत्यु हो गयी तथा लगभग 1000 से अधिक लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि यह सदन इस दुर्घटना के मृतकों के प्रति शोक प्रकट करता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!