मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु एंटीलार्वा गतिविधियों का संचालन
जयपुर । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा एंटीलार्वा, सर्वे, सैम्पलिंग और अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले में चिकित्साकर्मियों द्वारा नियमित सर्वे, सोर्स रिडक्शन, एंटीलार्वा, लार्वा प्रदर्शन व एंटी अडल्ट गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसके साथ ही आमजन को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव व रोकथाम हेतु जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बुखार के रोगियों को चिन्हित कर सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु एहतियात बरतनी ज़रूरी हैं। बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी मच्छरों को पनपने से रोकना है। पानी के बर्तन को खुला न रखें, किचन एवं बाथरूम को सूखा रखें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। बुखार होने पर व्यक्ति बिना देरी के चिकित्सक से मिले और उपचार लेवें।