प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का किया अभिनन्दन
टोंक। भारत विकास परिषद शाखा टोंक द्वारा एक नीजि महाविद्यालय में गुरुजन वंदन एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिषद के जिला समन्वयक अशोक कासलिवाल ने परिषद के पांच सूत्र-संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि बाबूलाल जैन ने कहा कि आज के परिवेश में, जब हमारी प्राचीन गुरु शिष्य परंपरा अवनति की ओर जा रही है, हमारा अथक प्रयास होना चाहिए कि प्रारंभिक अवस्था से ही सभी बालक बालिकाओं के मस्तिष्क में माता-पिता एवं गुरुओं के प्रति असीम सम्मान का भाव जागृत हो। भारत विकास परिषद का यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। प्रकल्प प्रमुख बाबूलाल शर्मा ने बताया कि परिषद के संस्कार सूत्र के अंतर्गत गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम में विद्यालयों में परिषद के दायित्वधारी जाकर शिक्षकों व प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का अभिनंदन व पुरस्कृत करते हैं तथा गुरुजन का वंदन करते हैं, जिससे शिष्यों में गुरुजनों के प्रति उनकी आस्था एवं मनोबल में वृद्धि होती है। इस अवसर पर सचिव रमेश काला, वित्त सचिव राधेश्याम शर्मा, सह-प्रकल्प प्रमुख राम प्रसाद शर्मा सहित अभिभावक, शिक्षक, छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे। उत्कृष्ठ परिणाम देने पर चयनित गुरुजन व मेरिट के आधार पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।