Dark Mode
तेलंगाना में कांग्रेस बहुमत के पार, 63 सीटों पर बढ़त

तेलंगाना में कांग्रेस बहुमत के पार, 63 सीटों पर बढ़त

मुख्यमंत्री KCR और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्‌डी एक-एक सीट पर हारे, दूसरी पर जीते

हैदराबाद. राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनाने के करीब है। तेलंगाना में कांग्रेस बहुमत की ओर बढ़ रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य की कुल 119 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस 63 पर आगे है। पार्टी ने अब तक 10 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 53 पर आगे चल रही है। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) 7 सीटें जीत चुकी है और 33 पर आगे चल रही है। भाजपा अब तक 1 सीट पर जीत चुकी है, जबकि 8 पर बढ़त बनाए हुए है। AIMIM 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एक सीट पर CPI कैंडिडेट आगे चल रहे हैं। इधर, कामारेड्डी सीट से मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के केवी रमना ने हराया है। इसी सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और CM के चेहरे रेवंत रेड्‌डी भी चुनाव लड़ रहे थे। वे तीसरे स्थान पर रहे। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री KCR गजवेल के अलावा कामारेड्‌डी से चुनाव लड़ रहे थे। वे अपनी पारंपरिक सीट गजवेल से चुनाव जीत गए हैं। वहीं रेवंत रेड्‌डी भी कोडांगल और कामारेड्डी दो सीटों से चुनाव मैदान में हैं। वे भी अपनी दूसरी सीट कोडांगल से जीत चुके हैं।

भाजपा के तीनों सांसद पीछे
भाजपा द्वारा मैदान में उतारे गए तीन मौजूदा सांसदों में करीमनगर विधानसभा सीट से राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंदी संजय कुमार, कोरात्ला से निजामाबाद के सांसद धर्मपुरी अरविंद और बोथ से आदिलाबाद के सांसद सोयम बापू राव पीछे चल रहे हैं। गोशामहल से भाजपा के टी राजा सिंह आगे चल रहे हैं। बड़े चेहरों में मुख्यमंत्री के बेटे और राज्य के मंत्री KTR सिरसिल्ला सीट से आगे चल रहे हैं। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरूद्दीन ओवैसी चंद्रयानगुट्‌टा सीट से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के जुबली हिल्स से कैंडिडेट और पूर्व क्रिकेटर अजहरूद्दीन पीछे चल रहे हैं। तेलंगाना में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के घर पर जश्न जारी है। रुझान साफ होने के बाद तेलंगाना के DGP अंजनी कुमार और CID के एडिशनल DGP रेड्डी से मिलने उनके घर पहुंचे। हालांकि रेड्डी अभी किसी पद पर नहीं हैं, इसके बावजूद सरकारी अफसरों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी है। माना जा रहा है कि रेड्डी ही CM बनेंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!