भारत की गौरवपूर्ण उपलब्धियों की अनदेखी कर रहे कांग्रेस नेता : दीप्ति किरण माहेश्वरी
राजसमन्द. विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भारत सरकार के अर्थसंकल्प पर मुख्यमंत्री गहलोत एवं अन्य कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को देश के यथार्थ के प्रति आंखे मूंदने के समान बताया है। आज पुरा विश्व आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। सभी प्रमुख देशों की अर्थव्यवस्थाऐ डांवाडोल हो रही है। ऐसे विकट परिदृश्य में भारत एक चमकते हुए सितारे के रुप में उभर कर सामने आया है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि केन्द्रीय अर्थसंकल्प में देश के संरचना विकास पर अत्यधिक बल दिया गया है। भारतीय रेल को आगामी वर्ष में 20.40 खरब रुपये का बजट आवंटित किया गया है। यह कांग्रेस शासन में 2009 से 14 तक 5 वर्षों में दिए गए कुल बजट से भी अधिक है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि आयकर में राहत देने की आलोचना समझ से बाहर है। आयकर के करवर्गों में परिवर्तन से वेतनभोगी और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। बजट का पूरा ध्यान मध्यम एवं निम्न वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ाने पर है। संरचना पर भारी व्यय और क्रय शक्ति में वृद्धि से देश के विकास में तेजी आएगी और रोजगार बढ़ेगा। कांग्रेस पार्टी मध्यमवर्ग विरोधी पार्टी है। कांग्रेस के नेता भारत की गौरवपूर्ण उपलब्धियों की अनदेखी कर रहे है।