खड़गे विवाद पर कांग्रेस की बैठक, तीन सांसद रहेंगे दूर
नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले को लेकर अपने एससी-एसटी सांसदों की बैठक बुलाई है। बैठक सोमवार को दोपहर 3 बजे दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रस्तावित है। इसमें विवाद को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने बैठक को लेकर कहा कि सांसदों को दोपहर 3 बजे इंदिरा भवन बुलाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि करीब 25 से 30 सांसद बैठक में पहुंच सकते हैं। उनके मुताबिक, कुछ सांसद अन्य कार्यक्रमों के चलते बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन बड़ी संख्या में सदस्यों के पहुंचने की उम्मीद है।
मल्लू रवि ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य खड़गे और उनके हल्द्वानी भाषण से जुड़े ‘शुद्धिकरण’ विवाद से निपटने के लिए आगे की रणनीति तैयार करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे के दलित नेता होने के कारण उनके मंच पर जाने के बाद कुछ भाजपा समर्थकों की ओर से मंच को ‘अशुद्ध’ बताए जाने का दावा किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के कुल 44 एससी-एसटी सांसदों में से तीन इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। इनमें कुमारी शैलजा, सुखदेव भगत और चरणजीत सिंह चन्नी के नाम शामिल हैं। हालांकि, इनके बैठक से दूर रहने की वजह को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
यह पूरा मामला 8 अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सामने आया था। आरोप है कि उनके कार्यक्रम के बाद एक सार्वजनिक मैदान में कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण अनुष्ठान’ किया गया। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे दलित समाज के अपमान से जोड़कर देखा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रही है और कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड में मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
कांग्रेस की सोमवार को होने वाली बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब पार्टी इस विवाद को राजनीतिक और सामाजिक मुद्दे के तौर पर उठा रही है। बैठक में सांसदों की राय लेने के साथ आगे की कार्रवाई और रणनीति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।