आतंकवादियों की स्वीकार्यता बढ़ाने का काम कर रहे हैं कांग्रेस के शहजादे : दीप्ति
राजसमन्द. विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना मुस्लिम आतंकवादी संगठनों से करके इन आतंकवादी संगठनों की स्वीकार्यता बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस का शाही परिवार संघ विचारधारा की भय ग्रंथि से ग्रस्त है। कांग्रेस पार्टी नेतृत्व को हिंदू पुनर्जागरण से चिढ़ है। विधायक माहेश्वरी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा शहजादे के सूट बूट के फोटो को प्रचारित करने पर टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मिथ्या आरोप लगाने वाले अब अपने यथार्थ रंग में सामने आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपने 60 साल के शासन काल में कोटा, परमिट, लाइसेंस की भ्रष्ट व्यवस्था से अपने चहेते उद्योगपतियों को पनपाने का पाप किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश में उद्यम कौशल बढ़ाने की नीतियों के कारण हजारों युवा पहली पीढ़ी की उद्योगपतियों के रूप में उभर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की पीड़ा यही है कि देश में कोटा, परमिट, लाइसेंस की भ्रष्ट व्यवस्था से रिश्वत खाने का खेल बंद हो गया है।कांग्रेस के शाही परिवार ने अपने शासनकाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने, संघ परिवार समर्थकों को प्रताड़ित करने और संघ विचारधारा को नष्ट करने के कई असफल प्रयास किए हैं। जनमानस में संघ की राष्ट्रवादी विचारधारा कांग्रेस पार्टी की सत्तावादी विचारधारा से अधिक स्वीकार्यता रखती है। देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को राष्ट्रवादी विचारधारा से नहीं कांग्रेस पार्टी की सत्ता लोलुप विचारधारा से अधिक खतरा है। कांग्रेस पार्टी सत्ता के लिए किसी भी सीमा तक जाकर समझौता कर सकती है।
विधायक ने कहा कि देश भुला नहीं है कि किस प्रकार कांग्रेस पार्टी ने भगवा आतंकवाद का झूठा विमर्श खड़ा करके असली आतंकवादियों को बचाने का पाप किया था। तुष्टीकरण और मुस्लिम वोटों के लालच में कांग्रेस पार्टी ने देश की अखंडता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया था। आतंकवादियों की मृत्यु पर आंसू बहाने वालों से देश के प्रति निष्ठा की कोई अपेक्षा नहीं रखी जा सकती हैं