कांग्रेस की ‘Bharat Jodo Nyaya Yatra' अरुणाचल प्रदेश से फिर पहुंची असम
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ रविवार को अपनी असम यात्रा के दूसरे चरण में फिर से शुरू हुई। पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा विश्वनाथ जिले के राजगढ़ से असम में फिर से प्रवेश कर गई और राज्य के मध्य भाग में नागांव जिले की ओर बढ़ रही है। बृहस्पतिवार से शनिवार की दोपहर तक असम यात्रा का पहला चरण था। इसने अब अपना दूसरा चरण शुरू कर दिया है। दिन में नागांव के कालियाबोर में एक बैठक निर्धारित है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल सहित अन्य लोग शामिल होंगे।
राज्य में दोबारा प्रवेश करने के तुरंत बाद राहुल ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। यात्रा के विश्वनाथ के मुखरगढ़ में सुबह के विश्राम से पहले राहुल का विश्वनाथ चारियाली शहर में जनता को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद यह दूसरी बैठक के लिए कालियाबोर के लिए रवाना होगी और रात्रि विश्राम रूपाही के ओवाना गांव में होगा।