संविधान दिवस’ ’विधिक साक्षरता शिविरों का हुआ आयोजन’
भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के मार्गदर्शन में गुरूवार को संविधान दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। रश्मि आर्य, सचिव (अपर जिला न्यायाधीश), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा द्वारा स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, सुवाणा (भीलवाड़ा) में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया गया तथा संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है, अतः हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। सचिव द्वारा रूडसेट संस्थान, सुवाणा में भी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यहाँ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को संविधान की महत्ता, विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर स्कीम तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, रूडसेट संस्थान के निदेशक एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।