गडरा रोड उपखंड कार्यालय का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा -राजस्व मंत्री
जयपुर। राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने मंगलवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि बाडमेर जिले के गडरा रोड में यथाशीघ्र उपखंड कार्यालय का निर्माण करने की कार्रवाई शुरू की जायेगी। राजस्व मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा वर्ष 2023-24 में राजस्व मंडल, कलक्टर कार्यालय, उपखंड कार्यालय तथा तहसीलों के निर्माण, मरम्मत आदि के लिए 125 करोड़ रूपए की घोषणा की गई है। इससे पहले विधायक अमीन खान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में राजस्व मंत्री ने अवगत कराया कि गडरा रोड़ में उपखण्ड कार्यालय का सृजन राजस्व विभाग (ग्रुप-1) की अधिसूचना दिनांक 4 नवम्बर 2019 के द्वारा किया गया। उन्होंने इस अधिसूचना का विवरण सदन के पटल पर रखा। जाट ने अवगत कराया कि उपखंड कार्यालय के निर्माण के लिए बजट स्वीकृति के प्रस्ताव बीएफसी 2023-24 में वित्त विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपखण्ड अधिकारी गडरारोड़ के आवास निर्माण के लिए बजट स्वीकृति का प्रस्ताव भी बीएफसी 2023-24 में वित्त विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है तथा कर्मचारियों के आवास निर्माण से संबंधित कोई प्रस्ताव इस विभाग में विचाराधीन नहीं हैं।