Dark Mode
प्रतियोगिता में प्रतिभागी करें उत्कृष्ट प्रदर्शन: दानिश अबरार

प्रतियोगिता में प्रतिभागी करें उत्कृष्ट प्रदर्शन: दानिश अबरार

सवाई माधोपुर। राजस्थान में युवाओं को उनकी प्रतिभाओं को निखारने का मौका देने, राज्य की दुलर्भ एवं लुप्त कलां, संस्कृति के संवर्धन, सरंक्षण के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग की ओर से मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव का शुभारंभ आलनपुर स्थित लक्ष्मी मैरिज गार्डन में जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला, युवा बोर्ड के सदस्य सुनील शर्मा, युवा महोत्सव समन्वयक पवन बडगोतिया एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द प्रसाद बंसल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्यमंत्री सलाहकार एवं सवाई माधोपुर विधायक दानिश अबरार ने उपस्थित प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जो इन प्रतियोगिताओं में जीतेगा वो राज्य स्तर पर जयपुर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेगा परन्तु वे इन प्रतियोगिताओं में हारने वाले उन सभी प्रतिभागियों का साथ देते रहेंगे जब तक की वे विजेता नहीं बन जाते। उन्हांेने कहा कि सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र वासियों के लिए ठींगला में राजकीय मेडिकल कॉलेज आलनपुर में नर्सिंग कॉलेज, मलारना चौड़ में ट्रोमा सेन्टर, मलारना डूंगर में राजकीय महाविद्यालयों का निर्माण जैसे कार्य हुए हैं। वहीं बनास नदी पर ग्राम भारजा नदी के समीप 34 करोड़ की लागत से एनिकट का निर्माण होने से आस पास के क्षेत्रों में हैंडपम्पों एवं कुओं का जल स्तर बढ़ा है।
सवाई माधोपुर की जनता जो गर्मी में पेयजल को तरसती थी अब उन्हें पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा। किसान को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ की सड़को का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। ग्राम अजनोटी में 132 केवी जीएसएस का कार्य प्रारंभ, सवाई माधोपुर शहर में सुचारू रूप से विद्युत की सप्लाई हेतु तीन नवीन पावर ट्रांसफर्मर स्थापित करने के साथ-साथ उनके विधानसभा क्षेत्र में विद्युत के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। खिरनी को नगर पालिका बनाने जैसे अनेक विकास के कार्य उनके विधानसभा क्षेत्र में करवाएं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर में 27 नवीन पंचायतें बनी है। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर शहर को स्वच्छ एवं गुलाबी रंग से पुतवाकर, माण्डने बनवाकर आकर्षक बनाया गया है। उन्हांेने कहा कि 15 अगस्त को सवाई माधोपुर के पांच मुख्य स्थानों पर विशाल तिरंगे फहराएं जाएंगे। उन्हांेने इस दौरान सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की बात कहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कलक्टर ने कहा कि प्रदेश भर में युवा महोत्सव का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं की विजेता टीमे जिला स्तर पर आयोजित युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा का बखूबी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। जिला स्तर पर विजेता टीमे राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से शहर के साथ-साथ दूरराज की ग्रामीण प्रतिभाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा गत डेढ़ वर्ष में किए गए कार्यो की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों से कहा कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इन प्रतियोगिताओं में दें। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में शिक्षा का अलख जगाए रखें और एक नए सवाई माधोपुर के नवनिर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सात ब्लॉकों पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाएं दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभाएं दिखा रही हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली 15 से 29 साल के युवा कलाकारों की खोज कर उन्हें प्रशिक्षण और सुविधा मुहैया करवाकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्हें स्वावलंबन बनाना है।
जिला समन्वयक चन्द्रशेखर जैमिनी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, लोक गायन, शास्त्रीय नृत्य, एकल शास्त्रीय गायन, नाटक, आशु भाषण, समूह चर्चा, स्लोगन, कविता लेखन, शास्त्रीय वाद्य यंत्र, योगा, मार्शल आर्ट, चित्रकला, मिट्टी मॉडलिंग, भित्ति चित्र तथा लुप्त व दुर्लभ कलाओं में रावण हत्था, अलगोंजा, मांडणा, कठपुतली, खड़ताल, मोरचंग, भपंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर उप जिला प्रमुख बाबूलाल मीना, पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा प्रधान सम्पत पहाड़िया, पंचायत समिति सदस्य संजय बैरवा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नाथूलाल खटीक, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक गोविंद दीक्षित, जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी, नेहरू युवा केन्द्र के युवा अधिकारी हर्षित खण्डेलवाल, सहायक नोडल अधिकारी एजाज अली सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं प्रतिभागी आदि उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!