सवाई माधोपुर में वोट को लेकर विवाद, प्रत्याशी ने मांगा चैलेंजिंग वोट
सवाई माधोपुर. सवाई माधोपुर जिले में नगर निकाय चुनाव के दौरान बुधवार को मतदान के बीच कई तरह के मामले सामने आए। सवाई माधोपुर नगर परिषद के साथ खंडार और बौंली नगर पालिका में वोटिंग जारी है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड नंबर 32 की रही, जहां एक निर्दलीय प्रत्याशी जब वोट डालने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से पहले ही मतदान हो चुका है। प्रत्याशी ने इस पर आपत्ति जताते हुए चैलेंजिंग वोट डालने की अपील की। मामले के सामने आने के बाद मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए स्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
परिवार के आठ नाम सूची से हटने की शिकायत
वार्ड नंबर 58 में एक परिवार के आठ सदस्यों के नाम मतदाता सूची से कटने का मामला सामने आया। प्रभावित परिवार की ओर से इसे लेकर शिकायत की गई। स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची से जुड़े इस मामले को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
इधर, वार्ड नंबर 21 में स्थानीय मुद्दों को लेकर भी मतदाताओं ने अपनी प्राथमिकताएं जाहिर कीं। यहां पानी, सफाई और बिजली जैसे मुद्दों को लेकर मतदाताओं ने वोट डालते हुए शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई।
जेन-जी मतदाताओं में भी दिखा उत्साह
निकाय चुनाव में युवा मतदाताओं की भागीदारी भी नजर आई। पहली बार मतदान करने वाले जेन-जी मतदाता उत्साह के साथ बूथों तक पहुंचे। युवाओं ने स्थानीय स्तर पर विकास, सुविधाओं और शहर की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखकर मतदान करने की बात कही।
कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
सवाई माधोपुर नगर परिषद का चुनाव कई बड़े नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों के लिए भी अहम माना जा रहा है। नगर परिषद के 97 बूथों पर 97,817 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। यहां कुल 231 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के करीबी और पूर्व उप सभापति राजेश गोयल उर्फ राजू चक्की वाले की पत्नी वार्ड 55 से चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व सभापति मेघा वर्मा वार्ड 23 और पूर्व सभापति सुनील तिलकर की पत्नी भोमेश वार्ड 14 से मैदान में हैं।
वार्ड 22 से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनोद जैन वार्ड 18 से प्रत्याशी हैं। वहीं पिछले 25 वर्षों से लगातार पार्षद रहे मंजीत सिंह वार्ड 28 से और उनकी पत्नी बलविंदर कौर वार्ड 31 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं।
कांग्रेस और भाजपा ने झोंकी ताकत
सवाई माधोपुर नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक दानिश अबरार सक्रिय हैं। दूसरी ओर भाजपा की ओर से कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं। ऐसे में स्थानीय निकाय का यह चुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।
जिले की गंगापुर सिटी, वजीरपुर और बामनवास नगर पालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी नगर निकायों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।