धर्मांतरित जनजाति व्यक्ति को जनजाति सुविधाओं से वंचित किया जाए- नरेन्द्र कुमार
जनजाति सुरक्षा मंच की बैठक में उदयपुर महारैली में जाने का आव्हान
नाहरगढ़:- जनजाति सुरक्षा मंच की बैठक कस्बे के आदर्श विद्या मंदिर परिसर में आयोजित की गई। जिसमे उदयपुर में जनजाति समाज में धर्मांतरण के खिलाफ डी लिस्टिंग की मांग को लेकर 18 जून को होने वाली महारैली में पहुँचने को लेकर आगामी रूपरेखा बनाई गई।
आयोजित बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित ग्रामवासियों ने भाग लिया।
बैठक में वनवासी कल्याण परिषद विभाग संगठन मंत्री नरेंद्र कुमार ने देश मे बड़े पैमाने पर जनजाति समाज मे हो रहे धर्मान्तरण पर चर्चा करते हुए बताया कि जनजाति समाज के धर्मांतरित लोग धर्मान्तरण के बाद भी जनजाति सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। जबकि अनुसूचित जाति के लोगों के लिए संविधान के अनुच्छेद 341 के अनुसार धर्मान्तरण के बाद अनुसूचित जाति की सुविधाएं समाप्त हो जाती हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए अनुच्छेद 342 में प्रावधान नही होने से धर्मांतरण के बाद भी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। जिससे वास्तविक जनजाति के लोगों को भरपूर लाभ नही मिल पा रहा है। अतः जनजाति सुरक्षा मंच के माध्यम से जनजाति समाज के हक में हुंकार भरते हुए 18 जून को उदयपुर में महारैली के माध्यम से धर्मान्तरण करने वाले जनजाति के लोगो को डी लिस्टिंग कर जनजाति सुविधाएं समाप्त करने की माँग की जाएगी। ताकि वास्तविक जनजाति समाज के लोगों को उनके अधिकार व लाभ मिल सकें। उन्होंने बताया कि देश भर में जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा चलाये गए अभियान के तहत राजस्थान के उदयपुर में होने वाली जनजाति डी-लिस्टिंग महारैली में प्रदेश भर से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता पहुँचेंगे। मंचासीन राधेश्याम जिंदल ने नाहरगढ़ कस्बे समेत क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों से महारैली में पहुँचने का आव्हान किया और कम से कम 200 लोगों की सहभागिता होने पर योजना बनाई।
बैठक के उपरांत सभी मौजूद सदस्यों ने जनजाति डी लिस्टिंग महारैली के पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यकारिणी गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी- बैठक के दौरान जनजाति सुरक्षा मंच की कार्यकारिणी का गठन किया गया जिनमे संयोजक जुगल किशोर मंगल, सहसंयोजक राधेश्याम जिंदल, अध्यक्ष देवेंद्र सिंघल, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जोधाणा, जितेंद्र नागर, सचिव राहुल शर्मा सहसचिव इन्द्रराज नागर, कोषाध्यक्ष मनोज नागर, सहयोगी जितेंद्र नागर लकडाई, वाहन प्रमुख रूपनारायण नागर , सह प्रमुख रघुनंदन कुशवाह , प्रचार प्रसार प्रमुख सत्यनारायण पांचाल व रजिस्ट्रेशन प्रभारी पारस जिंदल को जिम्मेदारियां सौंपी गई।