Dark Mode
बाटा के नाम पर नकली कारोबार, फ्लिपकार्ट पर बेच रहा था फर्जी फुटवियर

बाटा के नाम पर नकली कारोबार, फ्लिपकार्ट पर बेच रहा था फर्जी फुटवियर

जयपुर। राजधानी में ब्रांडेड उत्पादों की नकल कर ऑनलाइन बिक्री करने वाले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जामडोली थाना पुलिस ने बाटा कंपनी के नाम से नकली जूते-चप्पल तैयार कर फ्लिपकार्ट के माध्यम से बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 659 जोड़ी नकली फुटवियर बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार शर्मा (35) निवासी तुंगा एवं वर्तमान में जामडोली निवासी के रूप में हुई है। आरोपी नकली ब्रांडेड फुटवियर तैयार कर उन्हें बाजार के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बेच रहा था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बाटा इंडिया लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ललित कुमार ने जामडोली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि विजयपुरा रोड क्षेत्र में बाटा ब्रांड के नाम से नकली फुटवियर बनाकर बेचे जा रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अहिंसा नगर, विजयपुरा रोड स्थित 'जीनल एंटरप्राइजेज' के गोदाम पर दबिश दी। तलाशी में वहां से बाटा ब्रांड के नाम से तैयार 659 जोड़ी नकली जूते-चप्पल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी कंपनी की अधिकृत डीलरशिप, लाइसेंस, बिल या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने पूरा माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली उत्पादों का यह नेटवर्क कितना बड़ा था और इनकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

इस कार्रवाई में जामडोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार तथा कांस्टेबल पवन कुमार, सूरज, राकेश और सोनू की अहम भूमिका रही।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!