राजकीय पीजी कॉलेज में होगी मतो की गणना, तैयारिया पूर्ण
बाड़मेर। बाड़मेर जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना रविवार को राजकीय महाविद्यालय बाड़मेर में प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार पुरोहित ने बताया कि मतगणना के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल अधिकृत पहचान पत्र के जरिए ही प्रवेश दिया जाएगा और मोबाइल लाने पर पूरी तरह से प्रतिंबध रहेगा।
उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय परिसर में मतगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पार्टी एजेण्टों के लिए तीन अलग अलग प्रवेश द्वार बनाए गए है। राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार से पर्यवेक्षकगण, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी के वाहन के अतिरिक्त मतगणना कार्य एवं मतगणना व्यवस्था के लिए नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण को मतगणना स्थल में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी।
उन्होने बताया कि एफसीआई गोदाम के सामने प्रवेश द्वार से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शिव, बाड़मेर एवं गुडामालानी में निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थीगण, अभ्यर्थीगण के निर्वाचन अभिकर्तागण एवं मतगणना अभिकर्ता के अतिरिक्त समस्त रिटर्निंग ऑफिसर्स, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स एवं उनके सहयोगार्थ नियुक्त स्टॉफ को मतगणना स्थल में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। इनके वाहनों की आदर्श स्टेडियम में पार्किंग रहेगी। इसी तरह राजकीय महाविद्यालय के पेट्रोल पम्प के सामने के प्रवेश द्वार से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र बायतु, पचपदरा, सिवाणा एवं चोहटन निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थीगण, अभ्यर्थीगण के निर्वाचन अभिकर्तागण एवं मतगणना अभिकर्ता को मतगणना स्थल में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। इनके वाहनों को सिंनधरी चौराहे पर भगवती मेला ग्राउंड में पार्किग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतगणना से जुड़े राजकीय कर्मचारियों व अधिकारियों, उम्मीदवारों या उसके अधिकृत निर्वाचक अभिकर्ताओं को प्रवेश प्रातः 6.00 बजे से दिया जाएगा।