Dark Mode
एक ही प्लॉट दो बार बेचा, 60 लाख की ठगी कर फरार दंपती गिरफ्तार

एक ही प्लॉट दो बार बेचा, 60 लाख की ठगी कर फरार दंपती गिरफ्तार

जयपुर। महेश नगर थाना पुलिस ने जमीन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार दंपती को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोप है कि पति-पत्नी ने एक ही प्लॉट को दो अलग-अलग व्यक्तियों को बेचने का सौदा कर करीब 60 लाख रुपये की ठगी की और बाद में फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करतारपुरा स्थित महावीर स्वामी कॉलोनी निवासी महेश सिंह और उसकी पत्नी रेखा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ महेश नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज था और उनकी गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले एक व्यक्ति से प्लॉट बेचने का इकरारनामा कर करीब 20 लाख रुपये प्राप्त किए। इसके बाद उसी भूखंड का सौदा दूसरे व्यक्ति से कर उससे भी लगभग 39.51 लाख रुपये ले लिए। दोनों सौदों के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। इस दौरान पता चला कि दोनों उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में किराये का मकान लेकर रह रहे हैं और अपनी पहचान छिपाकर जीवन बिता रहे हैं।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद विशेष टीम ने फिरोजाबाद पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और जयपुर लेकर आई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में करीब 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। हालांकि यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य संपत्ति संबंधी ठगी की वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।

यह कार्रवाई जयपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कई दिनों तक निगरानी और सूचना संकलन के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!