Dark Mode
दूध मिलावट पर सख्ती, खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 5 नमूने

दूध मिलावट पर सख्ती, खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 5 नमूने

खैरथल। जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर के निर्देश पर विभागीय टीम ने भिवाड़ी और मुंडावर क्षेत्र में निरीक्षण कर दूध, दही और पनीर के कुल पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सबसे पहले भिवाड़ी के मनसा चौक स्थित श्री श्याम रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट से दही और पनीर के नमूने लिए गए। निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद विभागीय टीम ने मुंडावर तहसील के ग्राम बल्लूवास स्थित सखी मिल्क प्रोड्यूसर प्राइवेट लिमिटेड डेयरी, श्री श्याम डेयरी और दिया डेयरी में कार्रवाई करते हुए मिश्रित दूध के तीन नमूने संग्रहित किए।

सभी पांच नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान अगले चार दिनों तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!