Dark Mode
मंदिरों को बनाता था निशाना, आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर

मंदिरों को बनाता था निशाना, आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही मंदिर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन के समय मंदिरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही घंटियां, झालर, दानपात्र की नकदी, मोटर तथा बिजली की केबल चोरी कर फरार हो जाता था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज बैरवा (22) निवासी सीतारामपुरा, थाना पीपलू, जिला टोंक (हाल निवासी मानसरोवर, जयपुर) के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर मंदिरों से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह पहले दिन में मंदिरों का जायजा लेता था और जब पुजारी या अन्य लोग मौजूद नहीं होते या विश्राम कर रहे होते, तब मंदिर में घुसकर कीमती सामान और दानपात्र की नकदी चुरा लेता था। चोरी के बाद वह सामान बेचकर नशा करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मुहाना और मानसरोवर इलाके के आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की वारदातें कबूल की हैं। इनमें मुहाना मंडी गेट नंबर-3 के सामने स्थित मंदिर, मदरामपुरा मंदिर, मुहाना मोड़ मंदिर, मोहनपुरा बालाजी मंदिर के पास का मंदिर और दिग्गी रोड रेलवे लाइन के आसपास स्थित कई मंदिर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मंदिरों से चोरी की गई घंटियां, झालर और अन्य सामान बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में मंदिर चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!