चीन में चक्रवात 'नौल' की दस्तक, रेड अलर्ट से मचा हाई अलर्ट
बीजिंग। दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में चक्रवात 'नौल' के तट से टकराने के बाद चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने उच्चतम स्तर का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। चक्रवात के प्रभाव से कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बाढ़ जैसी स्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, तट से टकराने के समय चक्रवात के केंद्र के पास हवा की अधिकतम तीव्रता 14 स्तर तक पहुंच गई थी। हालांकि, रविवार सुबह यह कमजोर होकर सामान्य चक्रवात में बदल गया। चीन की मौसम चेतावनी प्रणाली में रेड अलर्ट सबसे गंभीर स्तर माना जाता है, जिसके बाद ऑरेंज, येलो और ब्लू अलर्ट आते हैं।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी वर्षा के लिए रेड अलर्ट और गंभीर संवहनी मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है। प्रशासन ने स्थानीय एजेंसियों को संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले शनिवार को चीन के राज्य बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने ग्वांगडोंग में बाढ़ और चक्रवात से निपटने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया को तीसरे स्तर तक बढ़ा दिया था। वहीं जियांग्शी और हुनान प्रांतों में चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया लागू की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार देर रात चक्रवात का केंद्र ग्वांगडोंग के हुइझोउ शहर के पास समुद्र में स्थित था। इसके लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान लगाया गया था। तट से टकराने के बाद इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने की संभावना जताई गई है।
चक्रवात के असर को देखते हुए हांगकांग में व्यापक एहतियाती कदम उठाए गए। मौसम विभाग के मुताबिक 410 से अधिक उड़ानें और 150 हाई-स्पीड रेल सेवाएं रद्द कर दी गईं। इसके अलावा संभावित आपदा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए 28 अस्थायी आश्रय स्थल भी खोले गए हैं।
प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।