25 हजार का इनामी डकैत गिरफ्तार
धौलपुर। सैपऊ और कंचनपुर थाना पुलिस की टीम ने बुधवार देर रात को 25 हजार रुपए के इनामी डकैत लालू ठाकुर को गिरफ्तार किया है। डकैत वारदात के इरादे से बायपास पर घूम रहा था। मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की टेक्निकल मदद से डकैत को गिरफ्तार किया है। धौलपुर ग्रामीण सीओ बाबूलाल मीणा ने बताया कि 22 दिसंबर को करीमपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर कुछ बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। पेट्रोल पंप पर फायरिंग के मामले में डकैत लालू ठाकुर समेत पांच बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली की 25 हजार का इनामी डकैत लालू (24) पुत्र सूरत राम ठाकुर निवासी बीलोनी सैंपऊ पार्वती नदी के पास बायपास पर वारदात के इरादे से घूम रहा है। मुखबिर की सूचना पर सैपऊ और कंचनपुर पुलिस थाने की टीम का गठन किया गया। इसके अलावा साइबर सेल की टेक्निकल मदद भी ली गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर 25 हजार रुपए के इनामी डकैत लालू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार डकैत के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी, छेड़छाड़ जैसे संगीन धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। डकैत को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ ने बताया अनुसंधान में महत्वपूर्ण एवं संगीन वारदातों के भी खुलासे हो सकते हैं।