Dark Mode
बेटी की शादी में खुशियां मातम में बदली, जयपुर रिसोर्ट से गहनों का बैग चोरी

बेटी की शादी में खुशियां मातम में बदली, जयपुर रिसोर्ट से गहनों का बैग चोरी

जयपुर। बेटी की शादी के लिए दिल्ली से जयपुर आए एक परिवार की खुशियां उस वक्त फीकी पड़ गईं, जब शादी समारोह के दौरान गहनों और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना आमेर इलाके के कूकस स्थित रोशन हवेली रिसोर्ट में हुई, जहां परिवार ठहरा हुआ था।

आमेर थाने के एएसआई जगराम के अनुसार, मोती नगर (नई दिल्ली) निवासी 63 वर्षीय सुरिंद्र शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी को उनकी बेटी की शादी का कार्यक्रम रिसोर्ट में आयोजित किया गया था।

शादी की रस्मों के दौरान उनकी पत्नी ने गहनों से भरा बैग पास की कुर्सी पर रख दिया था। कार्यक्रम में व्यस्तता का फायदा उठाकर बदमाशों ने मौका देखकर बैग चुरा लिया और वहां से निकल गए।

कुछ देर बाद जब परिवार ने बैग संभालने की कोशिश की, तो वह गायब मिला। इसके बाद परिजनों ने रिसोर्ट में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के अनुसार, बैग में सोने-चांदी के गहने और करीब दो लाख रुपये नकद थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल चोरों की तलाश जारी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!