चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के शेड्यूल पर भड़के डेविड मिलर
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम से होगा। लाहौर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल के दौरान तीन शतक लगे। न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र और केन विलियमसन ने शतक जड़े, जबकि डेविड मिलर ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया। हालांकि, सेमीफाइनल गंवाने के बाद मिलर ने आईसीसी को चैंपियंस ट्रॉफी के शेड्यूल को लेकर लताड़ लगाई है।'
डेविड मिलर इस बात से नाराज हैं कि सेमीफाइनल मुकाबले से पहले अफ्रीका की टीम को दुबई जाना पड़ा और फिर वापस लाहौर आना पड़ा। डेविड मिलर की शतकीय पारी अफ्रीका के काम नहीं आई, क्योंकि टीम 363 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट खोकर 312 रन बना सकी। चैंपियंस ट्रॉफी का शेड्यूल अन्य टीमों के लिए काफी अजीबोगरीब था। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप स्टेज मैच खत्म होने के बाद पहले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए पाकिस्तान से दुभई के लिए उड़ान भरनी पड़ी। क्योंकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच लीग चरण का आखिरी मुकाबला खेला जाना बाकी था, इस मैच के रिजल्ट से पता चलता कि ग्रुप में टॉप पर रहते कौन सी टीम क्वालीफाई करेगी। वहीं भारत के साथ संभावित मुकाबले के कारण दोनों टीमों को दुबई के लिए उड़ान भरनी पड़ी।