सरदारपुरा बीका में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त गंगानगर अभियान के तहत सरदारपुरा बीका स्थित कृष्ण गौशाला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशे के खिलाफ जागरूकता, बेटियों की सुरक्षा एवं संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़कर समाज को यह संदेश दिया गया कि समाज परिवर्तन केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता से संभव है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विक्रम ज्याणी के नेतृत्व में रेड आर्ट थिएटर ग्रुप द्वारा प्रस्तुत विशेष नशामुक्ति जागरूकता नाटक अंधेरे से उजाले की और से हुई। मंच पर कलाकारों ने नशे से टूटते परिवारों, माता-पिता की पीड़ा और युवाओं के बर्बाद होते भविष्य को जीवंत किया। नन्हीं कलाकार लक्ष्या ज्याणी ने संदेश दिया किया जिंदगी में परिवार से बढ़कर कुछ नहीं है और नशे के कारण अपने माता-पिता, भाई-बहन और बच्चों के विश्वास को कभी नहीं खोना चाहिए। वहीं विक्रम ज्याणी एवं सहीराम की प्रस्तुति ने कभी लोगों को हंसाया तो कभी भावुक कर दिया। प्रस्तुति के माध्यम से बेटियों को यह संदेश दिया गया कि माता-पिता का विश्वास जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यक्रम में उपस्थित बेटियों ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता के विश्वास को कभी नहीं टूटने देंगी तथा किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय में परिवार के साथ संवाद और विश्वास को प्राथमिकता देंगी। इस अवसर पर 1100 पौधों का पौधारोपण किया गया। ग्रामीणों, युवाओं और समाजसेवियों ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधा लगाना केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि उसे पेड़ बनने तक संभालना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। जिस प्रकार एक परिवार अपने बच्चे की परवरिश करता है, उसी प्रकार समाज को लगाए गए प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी उठानी होगी। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का परिचय दिया।