इजराइली हमले में फिलिस्तीनियों की मौत बड़ी गलती : नेतन्याहू
गाजा। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जंग शुरू होने के बाद पहली बार गाजा में फिलिस्तीनियों की मौत को गलत बताया है। रविवार को इजराइली संसद नीसेट में भाषण देते हुए नेतन्याहू ने कहा, 'निर्दोष लोगों को चोट न पहुंचाने की हमारी कोशिशों के बावजूद कल (शनिवार) रात हमसे बड़ी गलती हुई।'
दरअसल, शनिवार को इजराइली सेना ने गाजा के राफा में स्ट्राइक की थी। इसमें 45 फिलिस्तीनियों की मौत हुई और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इजराइली सेना ने ये स्ट्राइक एक कैंप पर की थी। इसमें गाजा के बेघर लोग रह रहे थे। स्ट्राइक के बाद लोगों की जली हुई लाशें निकाली जा रही हैं।
जब तक मकसद पूरा नहीं होगा जंग नहीं रुकेगी
गलती मानने के बावजूद नेतन्याहू ने कहा है कि जब तक उनका मकसद पूरा नहीं हो जाता है तब तक जंग नहीं रुकेगी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र संघ के चीफ एंटोनियो गुटरेस ने इजराइल से तुरंत हमले रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि गाजा में कोई ऐसी जगह नहीं बची है जिसे सुरक्षित कहा जा सके। राफा में बन रहे हालातों पर UN सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक भी बुलाई गई है।