पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के लिए करने होंगे समर्पित प्रयास : सुराणा
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को जिले के रतनगढ़ उपखंड के रतनसरा गांव के भुवाना जोहड़ में आयोजित विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में शिरकत की तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए सजग व समर्पित प्रयास करने होंगे। पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण और संवर्धन भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए हम अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ का सफल बनाते हुए हरित राजस्थान की संकल्पना को साकार करें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे पौधरोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करें। सभी अपने घर, खेत, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं। जनभागीदारी से ही वृक्षारोपण अभियान को स्थाई सफलता मिल सकती है। इस दौरान वाटरशेड एसई महेन्द्र ने पौधरोपण गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 28 अगस्त से 03 सितंबर, 2026 तक ‘विशेष वृक्षारोपण अभियान’ संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि भुवाना जोहड़ क्षेत्र में गुरुवार को करीब 1210 पौधे लगाए गए, जिनमें बागवानी एवं छायादार को पीएमकेएसवाई 2.0 योजना अंतर्गत बने पक्के जोहड़ से ड्रिप सिंचाई पद्धति से सिंचित करने का कार्य किया जा रहा है। प्रशासक विक्रम पाल ने गांव में पौधरोपण व विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान वाटरशेड एक्सईएन जुगलकिशोर जाटोलिया, जलग्रहण समिति सचिव अमीचंद, हितेष शर्मा, अभिजीत राठौड़, मेघाराम मूंड, महेंद्र ढाका, प्रताप थालौड़, विकास स्वामी, प्रेम पाल, लक्ष्मण जांगिड़, शिवभगवान, लाला राम मेघवाल आदि सहित ग्रामीणों ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।