दिल्ली की गुजरात पर लगातार दूसरी जीत, सुदर्शन-मिलर पर भारी पड़े अक्षर-पंत
नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के 40वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस को चार रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 224 रन बनाए थे। कप्तान ऋषभ पंत ने 43 गेंद में नाबाद 88 रन और अक्षर पटेल ने 66 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर की समाप्त के बाद आठ विकेट पर 220 रन ही बना सकी। डेविड मिलर ने 23 गेंद में 55 रन और साई सुदर्शन ने 39 गेंद में 65 रन की पारी खेली। यह गुजरात की दिल्ली के खिलाफ लगातार दूसरी हार है। इससे पहले अहमदाबाद में भी दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ छह विकेट से जीत हासिल की थी।
इस जीत के साथ दिल्ली की टीम अंक तालिका में आठ अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है। उसने नौ मैचों में से चार में जीत हासिल की है। वहीं, गुजरात की टीम सातवें से आठवें स्थान पर लुढ़क गई है। उसने भी नौ में से पांच मैच गंवाए हैं और उसके भी आठ अंक हैं। हालांकि, नेट रन रेट में गुजरात की टीम दिल्ली से पीछे है। दिल्ली का अगला मैच 27 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से दिल्ली में ही है। वहीं, गुजरात की टीम अपना अगला मैच 28 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी।
अंतिम ओवर में गुजरात 19 रन नहीं बना पाया
कप्तान ऋषभ पंत की 43 गेंद में 88 रन की पारी आखिर दिल्ली के काम आ गई। वरना डेविड मिलर (55) के बाद राशिद खान (21*) ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेरने का काम कर ही दिया था। गुजरात को अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। मुकेश कुमार 20वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और राशिद ने इस ओवर में दो चौके और छक्का लगाया। गुजरात को अंतिम गेंद पर पांच रन बनाने थे, लेकिन राशिद मैच को गुजरात के पक्ष में नहीं मोड़ पाए और दिल्ली ने यह मुकाबला चार रन से जीता।