रेंवतराम भील हत्याकांड का खुलासा करने की मांग
फलोदी - विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिहड़ा में पिछले दिनों घटित हुए रेंवतराम भील हत्याकांड का खुलासा करने की मांग को लेकर गुरूवार को दलित अधिकार अभियान फलोदी एवं समता सैनिक दल राजस्थान के बैनर तले पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज एवं पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण के नाम का ज्ञापन पुलिस उप अधीक्षक फलोदी रामकरण सिंह मलिंडा को सौंपा गया । इस अवसर पर दलित अधिकार अभियान फलोदी के सचिव अशोक कुमार मेघवाल, समता सैनिक दल के प्रदेश प्रधान महासचिव गोरधन जयपाल, उपाध्यक्ष संतोष कुमार लखन, कर्मचारी नेता भूराराम भील, समता सैनिक दल फलोदी अध्यक्ष चंदन कुमार मेघवाल, मगराज लीलड़, श्रवण कुमार जयपाल, नरेश कुमार मेघवाल, श्रवण कुमार लीलड़, सुरजाराम मेघवाल एवं भूराराम लीलड़ आदि उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि फलोदी सीओ सर्किल के बाप थाना क्षेत्र के सिहड़ा गांव में 1 मई की दोपहर को ओरण में रेवंतराम भील पुत्र अलसीराम भील उम्र 58 वर्ष, जो की भेड़-बकरी चराने का काम करते थे, उनके साथ एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने लाठी एवं पत्थर से मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया, घायल अवस्था में रेंवतराम भील को प्राथमिक उपचार के लिये फलोदी जिला अस्पताल तथा उसके बाद उच्च स्तरीय इलाज के लिये एमडीएम अस्पताल जोधपुर के लिये रैफर किया गया, जहां पर 2 मई को उनका देहांत हो गया। मृतक रेंवतराम भील का शव अभी एमडीएम अस्पताल जोधपुर की मोर्चरी में रखा हुआ है।