भवानीमंडी को जिला बनाने की मांग
चौमहला. झालावाड़ जिले के 'भवानीमंडी को जिला बनाओ' की मांग अब मुखर होने लगी है। झालावाड़ जिला मुख्यालय के दूरदराज के क्षैत्र के लोगों को लगने लगा है कि राजस्थान सरकार ने जहां इतने नये जिले बनाने की घोषणा की है तो उन्हें भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भवानीमंडी को भी जिला बनाया जाना चाहिए। क्योंकि मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चौमहला क्षैत्र से किसी भी कार्य के लिए सुबह झालावाड़ जाकर शाम को लौटना वाकई टेड़ी खीर है। हालांकि इसमें जनप्रतिनिधियों व आला अधिकारियों की उदासीनता को भी नकारा नही जा सकता क्योंकि सरकार को दूरदराज के लोगो की सभी तरह की परेशानियों से अवगत करवाने की जिम्मेदारी उन्ही की थी। राजस्थान में 19 नये जिले बनाए जाने की घोषणा के बाद भवानीमंडी सहित चौमहला, गंगधार, उन्हेंल नागेश्वर, कुंडला सहित दूरदराज के लोग अपने को ठगा सा महसूस कर रहे है। उनका मानना है कि प्रदेश में जहां इतने नये जिले बनाए जा रहे है तो भवानीमंडी को जिला बनाने से सरकार क्यों चूक गई या सरकार ने क्या नये जिले बनाने का निर्णय गंभीरता से नही लिया। क्योंकि यदि यहां की वस्तु स्थिति और दूरदराज के लोगों की परेशानी से सरकार को भलीभांति अवगत करवाया जाता तो शायद भवानीमंडी को जिला बनाया जा सकता था। अब जहां भवानीमंडी के लोग जिला बनाने की पुरजोर तरीके से मांग कर रहे है वहीं दूर दराज के गाँव व कस्बो से भी अब भवानीमंडी को जिला बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बॉक्स- - राजस्थान के अंतिम छोर पर स्थित चौमहला क्षैत्र तीनो ओर से मध्यप्रदेश सीमा से सटा हुआ है। चौमहला कस्बा जिला मुख्यालय झालावाड़ से करीब 135 किलोमीटर दूर स्थित है। जबकि यह दूरी क्षेत्र के उन्हेल, कुंडला, मक्सी, खेजड़िया, पारापीपली सहित दर्जनों गाँवो से डेढ़ सौ से पौने दो सौ किलोमीटर तक हो जाती है। जिस कारण क्षेत्र के लोगो को जिला मुख्यालय झालावाड़ जाने आने के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवागमन के सीमित साधनों के जरिए सुबह जाकर शाम तक झालावाड़ से लौटना किसी गढ़ जीतने जैसा प्रतीत होता है। ऐसे में भवानीमंडी को जिला बनाया जाना चाहिए। ताकि दूरदराज के लोगों को इतनी परेशानी का सामना नही करना पड़े।
- झालावाड़ आने जाने में काफी समय व धन बर्बाद होता है, आवागमन के साधन भी पर्याप्त नही है। सीधे झालावाड़ जाने के लिए बसों का अभाव है। ऐसे में लोगों को ट्रेन से भवानीमंडी या रामगंजमंडी पहुंचकर बस पकड़ना पड़ता है। यदि भवानीमंडी को जिला बना दिया जाए तो चौमहला क्षैत्र के लोगो को काफी राहत मिलेगी।
पवन पिछोलिया अध्यक्ष
किराना व्यापार संघ चौमहला।
- जिला मुख्यालय काफी दूर होने के कारण पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिए आम आदमी सरकारी काम से सुबह जाकर शाम को वापिस नही आ सकता। आवागमन के साधनों के अभाव में मजबूरन वही या रास्ते में ही रुकना पड़ता है। यदि भवानीमंडी को जिला मुख्यालय बनाया जाता है तो इस क्षेत्र के लोगो को सुविधा मिलेगी।
शरद अग्रवाल अध्यक्ष
खाद-बीज विक्रेता संघ चौमहला।