एसपी कार्यलय में किया प्रदर्शन एडिशनल एसपी मूंड को सौंपा ज्ञापन
सीकर। फोटोग्राफर्स से एएसआई द्वारा अभद्र व्यवहार व मुकदमा दर्ज नहीं करने के विरोध में शेखावाटी छाया (फोटो) समिति, सीकर के बैनर तले अनेक फोटोग्राफर्स ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। फोटोग्राफर्स ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एडिशनल एसपी रामचंद्र मूंड को ज्ञापन सौंपा। शेखावाटी छाया (फोटो) समिति के अध्यक्ष कृष्णा शर्मा ने बताया कि फोटोग्राफर दिलीप सिंह एसएम वीडियो, रेक्स प्लाजा मिलन रेस्टोरेंट के पीछे, सीकर स्टूडियो पर काम करता है। ज्ञापन में बताया कि 9 दिसंबर रात 10 बजे दिलीप सिंह स्टूडियो पर आया तो दुकानदार पड़ोसी बनवारीलाल व उसके बेटों अनिल व सुनील ने दिलीप सिंह के साथ जमकर मारपीट की और जबरदस्ती शादी की रिकॉर्डिंग का मेमोरी कार्ड छीनकर ले गए। घटना के बाद दिलीप सिंह व अन्य फोटोग्राफर्स सीकर कोतवाली थाना में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने गए तो पुलिस थाने में मौजूद एएसआई विद्याधर ने दिलीप सिंह व अन्य फोटोग्राफर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया और वहां से भगा दिया। आरोप है कि एएसआई विद्याधर ने मारपीट का मुकदमा भी दर्ज नहीं किया। फोटोग्राफर्स ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जाए। अगर जल्द ही न्यायोचित कार्यवाही नही होती है तो समिति की मीटिंग कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।