अवैध जल कनैक्शन पर विभाग ने की कार्यवाही
-
सिणधरी कालुडी हाइवे रोड पर मुख्य पाइप लाइन से जुड़े 10 अवैध जल कनेक्शन काटे
बालोतरा। नहरी पेयजल वितरण हेतु लगी हुई परियोजना पाइप लाइन पर अवैध जल कनैक्शन को चिन्हित कर काटने व टैंकर से पेयजल चोरी करने वालो के खिलाफ कानूनी कार्यवाही जारी है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता छत्रा राम ने बताया कि शुक्रवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग परियोजना खण्ड बालोतरा टीम द्वारा सिणधरी कालुडी हाइवे रोड पर मुख्य पाइप लाइन से जुड़े 10 अवैध जल कनेक्शन को हटाया गया। उन्होंने बताया कि पेयजल की चोरी व पाइप लाइन इत्यादि सरकारी संपति को नुकसान पहुंचाना कानूनन गैर जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पेयजल चोरी व पाइप लाइन पर अवैध जल कनैक्शन नहीं करे ताकि सभी जगह सुचारु रूप से पेयजल वितरण किया जा सके। पेयजल पाइप लाइन पर अवैध जल कनेक्शन पाए जाने व टैंकर से पेयजल चोरी करने वालो के खिलाफ पी डी पी एक्ट तहत कानूनी कार्यवाही की जाएगी।