Dark Mode
जल संरक्षण की आदत विकसित करें : आर्य

जल संरक्षण की आदत विकसित करें : आर्य

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को जिले के सरदारशहर उपखंड के सहजासर, मेहरासर उपाधियान, फोगां भरथरी, बिल्यूंबास रामपुरा आदि ग्राम पंचायतों में वंदे गंगा — जल संरक्षण जन अभियान' अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की तथा जल पूजन, श्रमदान, पौधरोपण कर जल संरचनाओं का अवलोकन किया। जिला प्रमुख वंदना आर्य तथा जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने मेहरासर उपाधियान ग्राम पंचायत के सहजासर में मॉडल तालाब निर्माण कार्य सहजासर जोहड़ पर जल पूजन किया तथा श्रमदान व पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद राउमावि में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रमुख वंदना आर्य ने संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी जल संरक्षण को आदत बनाएं। दैनिक गतिविधियों के छोटे—छोटे प्रयासों से हमें जल संरक्षण की दिशा में बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे। प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभियान के माध्यम से एक मुहिम शुरू की है। हम सभी इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि हमें संकल्पित होकर प्रदेश सरकार के इस अभियान को सफल बनाना है। सभी की भागीदारी से हम जल ही जीवन है के संकल्प को साकार करते हुए जल का संचय करें तथा भावी पीढ़ियों के लिए समृद्ध भौगोलिक विरासत दें। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि जल, जंगल, जमीन का संरक्षण वर्तमान की आवश्यकता है। जल सभी भौगोलिक व्यवस्थाओं का मूल तत्व है। इसलिए जल का संरक्षण सभी भौगोलिक व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण है। हमें पानी को बचाने, भूमि जलस्तर को बढ़ाने और जल संरचनाओं के संरक्षण, संवर्धन के लिए संतुलित प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि अंचल की भौगोलिक परिस्थितियों के मध्यनजर हमें वर्षाजल संग्रहण व पानी को पुन: भूमिगत जल में रिस्टोर करने के लिए संरचनाओं को और अधिक विकसित करने की आवश्यकता है। इसी के साथ पानी की अनुचित बर्बादी पर नियंत्रण करना होगा। हमें दैनिक गतिविधियों में जल संरक्षण को शामिल करना होगा। इस अवसर पर अतिथियों ने गांव में बर्तन बैंक का उद्घाटन किया तथा प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने की बात कही। उन्होंने सरकार की बर्तन बैंक योजना की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय कदम उठाने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर किया सम्मानित
जिला कलक्टर ने राउमावि मेहरासर उपाधियान में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस देते हुए भविष्य के लिए रूपरेखा निर्धारित कर नियमित अध्ययन व पुस्तक पढ़ने की आदत को सुचारू रखने पर बल दिया।

जल संरचनाओं का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने बिल्यूंबास रामपुरा ग्राम पंचायत के बिल्यूंबास महियान गांव के लुकसा जोहड़ का अवलोकन किया तथा जोहड़ परिसर में श्रमदान व पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद डालमाण ग्राम पंचायत के ढाणी दूदगीर में जैसकाना जोहड़ का अवलोकन किया तथा जोहड़ में आए पानी के उपयोग, संग्रहण व गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने फोगां भरथरी में ग्रामीणों से संवाद किया तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में चर्चा करते हुए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के बारे में जानकारी दी। इसी के साथ उपस्थित ग्रामीणों से उनके अभाव—अभियोग सुने तथा समस्याओं के समाधान के बारे में सकारात्मक आश्वासन दिया।एसडीएम दिव्या चौधरी ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। विकास अधिकारी महेन्द्र सोलंकी ने जलग्रहण गतिविधियों व जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत करवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!