विकसित कृषि संकल्प अभियान 29 मई से
बूंदी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार, बूंदी जिले में खरीफ 2025 पूर्व अभियान के तहत 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' का आयोजन 29 मई से 12 जून 2025 तक किया जाएगा। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) महेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह अभियान कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के नेतृत्व में चलाया जाएगा, जिसमें कृषि विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विपणन विभाग के अधिकारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान के तहत प्रतिदिन दो दल बनाए जाएंगे जो कुल 6 गांवों में शिविर आयोजित करेंगे।
हिंडोली क्षेत्र से होगा अभियान का शुभारंभ
संयुक्त निदेशक ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 मई 2025 को पंचायत समिति हिंडोली से होगी। पहला दल ढाकणी, सथूर और हरिपुरा गांवों में शिविर लगाएगा, जबकि दूसरा दल बडा नयागांव, तालाब गांव और चेता में। इस प्रकार, जिले के कुल 90 गांवों में 'विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025' के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे।
किसानों को मिलेगी नवीनतम जानकारी
शिविरों में कृषि वैज्ञानिक किसानों को खरीफ फसलों की नवीनतम जानकारी देंगे। इसके साथ ही, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खेती और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न विभागीय योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केवीके अध्यक्ष डॉ. हरीश वर्मा, परियोजना निदेशक (आत्मा) कौशल कुमार सोमाणी, और सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) राजेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।