मोक्ष कल्याणक पर्व पर श्रावकों ने चढ़ाया लड्डू
टोंक। श्री दिगंबर जैन नसियां अमीरगंज टोंक दशलक्षण पर्व का अंतिम दिन गुरूवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर मंदिरों के दर्शनों के लिए निकले जिसको लेकर मंदिरों एवं जिनालय श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही उमड़ पड़ी। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान एवं कमल सर्राफ ने बताया कि पर्यूषण पर्व के तहत अनंत चतुर्दशी पर्व पर अंतिम दिन सहस्त्रनाम महामंडल विधान में इन्द्र व इंद्राणियों ने उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की पूजा एवं वासुपूज्य भगवान सहित चौबीसों भगवान की पूजा अर्चना की गई, तत्पश्चात वासुपूज्य भगवान का मोक्ष कल्याणक पर्व आर्यिका सूत्रमति माताजी के ससंघ में मनाया, जिसमें श्रावकों द्वारा वासुपूज्य भगवान की पूजा-अर्चना कर निर्वाण कांड बोलकर निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष भागचंद फुलेता, सुरेश संघी, नेमीचंद बनेठा, ओम आंडऱा, राजेश बोरदा, ज्ञान दाखिया, डॉक्टर चेतन जैन, विमल बरवास, मोनू बोरदा, महावीर टोरडी, ताराचंद बडज़ात्या, चंद्र प्रकाश रमेश हाड़ीगांव आदि लोगों ने लडडू चढ़ाया। इस मौके पर मोनू एंड पार्टी की मधुर वाणी से इन्द्र एवं इंद्राणी महिलाओं द्वारा भक्ति नृत्य किया गया, इससे पूर्व प्रात: काल की बेला में अभिषेक, शांतिधारा नित्य नियम पूजा की गई । समाज के सांस्कृतिक मंत्री विकास अत्तार ने बताया कि बुधवार को प्रक्तय उत्सव पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कोटा के आकाश भैया एवं मोनू भैया के द्वारा णमोकार मंत्र है हमें प्यार, केसरिया केसरिया मेरा मन केसरिया, कुंडलपुर वाले बड़े बाबा आचार्य विद्यासागर महाराज पर एक से बढक़र एक भजन प्रस्तुत किए गए, जिसमें महिलाओं एवं युवा वर्ग में जमकर भक्ति नृत्य किया । अनंत चतुर्दशी के अवसर पर जैन नसियां एवं श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर तख्ता श्री जी के सामूहिक कलशाभिषक का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें काफी संख्या में लोग उपस्थित हुए, उसके पश्चात आरती, प्रश्न मंच, स्वाध्याय, शास्त्र सभा, जिनवाणी ज्ञान के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। दशलक्षण पर्व में त्यागी व्रतियों ने दस उपवास, पांच उपवास, तीन उपवास एवं अनंत चतुर्दशी का उपवास किया। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान ने बताया कि शनिवार को सामूहिक क्षमावाणी पर्व श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर तख्ता में मनाया जाएगा।