Dark Mode
धरियावद : मेवाड़ा चौधरी समाज ने सौंपा ज्ञापन

धरियावद : मेवाड़ा चौधरी समाज ने सौंपा ज्ञापन

  • दुकान में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी पर सख्त कार्यवाही की मांग

धरियावद। धरियावद कस्बे में मेवाड़ा चौधरी कलाल समाज, चौखला (तहसील धरियावद, जिला प्रतापगढ़) द्वारा सोमवार को उपखंड अधिकारी राकेश कुमार न्योल को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन समाज के एक सदस्य बंसीलाल कलाल की दुकान में तोड़फोड़ और उसे जान से मारने की धमकी देने की घटना को लेकर दिया गया, जिसमें आरोपितों पर सख्त कार्यवाही और पीड़ित की जान-माल की सुरक्षा की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बंसीलाल पिता बालाजी कलाल निवासी सिहाड़ चौधरी मोहल्ला की किराने की दुकान चौधरी मोहल्ले में स्थित है। दिनांक 12 जुलाई 2025 को शाम लगभग 4 बजे रामीवाद पिता बंसीलाल मीणा, सिहाड़ लैम्पस के पास रहने वाला मोटरसाइकिल लेकर दुकान के सामने सड़क के बीच में खड़ा हो गया। बार-बार समझाने के बाद भी वह नहीं हटा। इसी दौरान थाना धरियावद की 112 नंबर पुलिस वाहन वहां पहुंची और उसे हटाया, लेकिन पुलिस के जाते ही वह फिर से वहीं खड़ा हो गया। बंसीलाल ने जब शांति से उसे हटने के लिए कहा, तो रामिवाद  गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। कुछ समय बाद वह अपने भाई धनु मीणा के साथ वापस आया और साथ में लाठी, पत्थर आदि लेकर दुकान पर हमला कर दिया। दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और करीब 40,000 रुपए का नुकसान कर दिया। पीड़ित द्वारा पुलिस को 112 पर कॉल करने के बावजूद तत्काल कोई कार्यवाही नहीं हुई। बाद में थाने में रिपोर्ट देने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन तुरंत ही उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद भी आरोपी लगातार बंसीलाल को धमका रहे हैं और उसे दुकान बंद कर क्षेत्र छोड़ने के लिए विवश कर रहे हैं। समाज के प्रतिनिधिमंडल में चौधरी समाज के पूर्व युआ अध्यक्ष भेरूलाल चौधरी, बंसीलाल, दिलीप, नारायण, वर्दीचंद, भेरूलाल, उदयलाल, नरेंद्र, शांतिलाल, भगवती, विजय, ताराचंद, रामलाल, राजमल, गट्टूलाल सहित अनेक सदस्य शामिल थे। समाज ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्यवाही हो, पीड़ित को सुरक्षा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!