धौलपुर: प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना में आवेदन आमंत्रित
धौलपुर। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से पात्र लोगों को बैंकों के माध्यम से लाभ दिलाया जाएगा। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले की विभिन्न बैंकों के माध्यम से पात्र 60 आशार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। परियोजना प्रबंधक अनुजा निगम देवेन्द्र सिंह जांगल ने बताया कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में 18 से 60 वर्ष तक के समस्त बेरोजगार अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिए पीएम-अजय योजनान्तर्गत विभिन्न कार्य किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर, रेडीमेड गारमेंट, चमड़ा कार्य, सिलाई कार्य, डेयरी उद्योग, लघु व्यवसाय, ऑटो मोबाईल रिपेयरिंग के लिए 1 लाख रूपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी इच्छुक आशार्थी परियोजना प्रबंधक कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर तथा अपने ब्लॉक की पंचायत समिति एवं नगर पालिकाओं से नि:शुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर ऑफलाइन मय दस्तावेज जाति प्रमाण पत्र, कार्य प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जनआधार कार्ड, राशन कार्ड, शपथ पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, जनआधार लिंक बैंक पासबुक एवं शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ सम्बन्धित पंचायत समिति, नगरपालिका में जमा करा सकते है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए परियोजना प्रबंधक अनुजा निगम कार्यालय कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 17 एवं 18 में कार्यालय समय में सम्पर्क कर सकते है।