खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्र लाभार्थियों पर जिला प्रशासन की सख्ती
झालावाड़। खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ वास्तविक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक सुनिश्चित करने तथा योजना में अपात्र व्यक्तियों को जोड़कर किए जा रहे अनियमित लाभ को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रकरण में सामने आया कि जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत निःशुल्क गेहूं का लाभ दिलाने के नाम पर कुछ अपात्र परिवारों के नाम योजना में जोड़े गए। जांच के दौरान 1,104 परिवारों के एपीएल से अंत्योदय श्रेणी में परिवर्तित होने की पुष्टि हुई। इन परिवारों द्वारा एक वर्ष से अधिक समय में लगभग 463 मीट्रिक टन गेहूं का उठाव किया गया।
संलिप्त 8 ई-मित्र केन्द्रों को किया ब्लैकलिस्ट
मामले की जानकारी जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला रसद विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में ई-मित्र केन्द्रों के माध्यम से अधिकारियों की आईडी का दुरुपयोग कर अपात्र परिवारों की श्रेणी परिवर्तित किए जाने का मामला सामने आया। जांच में 8 ई-मित्र केन्द्रों एवं संविदा सूचना सहायक गौतम नागर सहित संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित केन्द्रों के लाइसेंस निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है।
ब्लैकलिस्ट किए गए कियोस्कों की सूची
उक्त प्रकरण में निम्न कियोस्कों को ब्लैकलिस्ट किया गया है - कियोस्क कोड के129332185, कियोस्क धारक भारत मेहर, पता स्टेट बैंक के पास झालावाड़ रोड, खानपुर, स्थानीय सेवा प्रदाता अथर्व भारत मल्टीसर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कियोस्क कोड के129251937 कियोस्क धारक जगदीश नायक पता ग्राम खानपुर, बारां रोड मुक्ति धाम रोड झालावाड़, स्थानीय सेवा प्रदाता आर्यन टेक्नोसर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कियोस्क कोड के129136439 कियोस्क धारक शम्शु निशा, पता दिगम्बर जैन मंदिर खानपुर झालावाड़, स्थानीय सेवा प्रदाता फिनो पे टेक लिमिटेड, कियोस्क कोड के129261263 कियोस्क धारक गजेन्द्र कुमार सुमन पता तेलियों का मंदिर, ग्राम पंचायत खानपुर झालावाड़, स्थानीय सेवा प्रदाता एसवीजी एक्सप्रेस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कियोस्क कोड के129108480, कियोस्क धारक राम स्वरूप बैरवा, पता शॉप नंबर 6, खानपुर पंचायत समिति के पास खानपुर स्थानीय सेवा प्रदाता फिनो पे टेक लिमिटेड, कियोस्क कोड के129202172 कियोस्क धारक सुरेन्द्र सुमन पता अटरू रोड, खानपुर, तहसील खानपुर, जिला झालावाड़ स्थानीय सेवा प्रदाता ओसवाल कम्प्यूटर्स एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, कियोस्क कोड के129257617 कियोस्क धारक शैतान सिंह पता विलेज नयागांव, पोस्ट सोमर ब्लॉक खानपुर झालावाड़ स्थानीय सेवा प्रदाता ओसवाल कम्प्यूटर्स एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, कियोस्क कोड के129313979 कियोस्क धारक हरिओम पता कंवरिया खेड़ी, पोस्ट चांदपुरा भीलान मनोहरथाना झालावाड़ स्थानीय सेवा प्रदाता प्रताप ग्लोबजोन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड तथा कियोस्क कोड के129278141 कियोस्क धारक चन्द्र सिंह, पता विलेज-रवास्या, ग्राम पंचायत तहसील मनोहर थाना, झालावाड़, राजस्थान, स्थानीय सेवा प्रदाता एसवीजी एक्सप्रेस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड।
गलत तरीके से उठाए गए खाद्यान्न की होगी वसूली
जिला प्रशासन द्वारा अपात्र रूप से योजना का लाभ लेकर खाद्यान्न उठाने वाले संबंधित परिवारों एवं व्यक्तियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनके द्वारा उठाए गए खाद्यान्न की 27.50 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से वसूली की जाएगी। जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजना का अनुचित लाभ लेने अथवा इस प्रकार की अनियमितता में लापरवाही बरतने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संलिप्त ई-मित्र संचालकों के विरूद्ध एफआईआर के निर्देश
प्रकरण में जिला कलक्टर ने अवैध रूप से नाम जोड़ने एवं योजना का गलत लाभ दिलाने में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जिला रसद अधिकारी को दिए हैं।
जिला कलक्टर की आमजन से अपील - प्रलोभन से बचें, पात्र परिवारों का हक सुरक्षित रखें
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जिलेवासियों से अपील की है कि ई-मित्र संचालकों अथवा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा खाद्य सुरक्षा योजना में निःशुल्क गेहूं दिलाने अथवा नाम जुड़वाने के संबंध में दिए जाने वाले किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचें। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना वास्तविक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए है, इसलिए अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ लेकर पात्र परिवारों के हक को प्रभावित न करें। उक्त योजना में नाम जुड़वाने हेतु पोर्टल चालू है इच्छुक व्यक्ति इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से यह भी आह्वान किया कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अनियमितता की जानकारी जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे मामलों में समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।