जिला कलक्टर ने किया स्वास्थ्य केन्द्र और अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण
-
रसोई संचालक को दिये गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के निर्देश
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने बुधवार सुबह जिला मुख्यालय पर पुरानी आबादी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और रेलवे स्टेशन के नजदीक श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने रोगियों को उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अन्नपूर्णा रसोई संचालक को निर्देश दिये कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध करवाया जाये।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर जिला कलक्टर ने दवा लेने के लिये आये हुए रोगियों से बातचीत करते हुए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। ओपीडी पर्ची काउंटर पर कार्मिक के मौजूद नहीं होने पर नोटिस देने के निर्देश दिये। केन्द्र प्रभारी डॉ. नीरू बवेजा से उन्होंने प्रतिदिन आने वाले रोगियों की संख्या और उन्हें दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में पूछा। लैबोटरी और दवा वितरण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने स्टाफ से भी उन्हें आवंटित कार्य के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिये कि संस्थान में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की अधिकाधिक आईईसी करवाई जाये। नियमित रूप से स्टाफ चिकित्सीय ड्रेस पहनकर निर्धारित समय पर पहुंचे और रोगियों को मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच एवं दवा योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करे।
इसके पश्चात रेलवे स्टेशन के नजदीक अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने संचालक और कार्मिकों से आमजन को उपलब्ध करवाये जा रहे भोजन एवं श्रीअन्न की जानकारी ली।
अन्नपूर्णा रसोई के मेन्यू को सार्वजनिक जगह पर प्रदर्शित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यहां साफ-सफाई के साथ आमजन को राज्य सरकार के निर्देशानुसार पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध करवाया जाये। जिला कलक्टर ने खाना खा रहे लोगों से भी बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। (फोटो सहित)