जिला कलेक्टर ने जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली
ब्यावर। जिला कलेक्टर श्री उत्सव कौशल ने कहा कि सभी विभागीय योजनाओं एवं कार्यों में बेहतर प्रगति लाए जिससे कि जिले के सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जिला कलेक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को बैठक में निर्देशित कर रहे थे। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक विभागों की बिंदुवार बारीकी से समीक्षा की एवं जिले में वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारी से जिले में पीडब्ल्यूडी के अधीन सडक़ों की स्थिति के साथ ही ब्यावर-मसूदा प्रगतिरत सडक़ निर्माण के चल रहे कार्य की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी से विद्युत आपूर्ति एवं रखरखाव की जानकारी लेते हुए कहा कि संपूर्ण जिले में आगामी गर्मियों के मौसम के अनुसार निर्बाध आपूर्ति जारी रहे। उन्होंने नगर परिषद को शहर में बेहतर साफ सफाई रखने, नालों की नियमित अंतराल में मशीनों से साफ सफाई करने, घर-घर कचरा संग्रहण के साथ ही निरंतर पट्टे वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचईडी के अधिकारी से जिले में पेयजल आपूर्ति के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रहे एवं कहीं भी लीकेज की सूचना पर तत्काल मरम्मत कराये, जिससे की व्यर्थ पानी ना बहे । उन्होंने पुलिस विभाग से जिले के संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली साथ ही कानून व सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जिला कलेक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से जिले में विभिन्न योजनाओं की बेहतर क्रियान्विती करवाने के साथ ही अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने जिला रसद अधिकारी को उज्जवला गैस योजना से ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने, श्रम विभाग को श्रमिक कार्ड निरंतर बनाकर वितरित करने, समाज कल्याण विभाग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे एवं सभी वंचितों को विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर के तहत जोडक़र लाभान्वित करें। इसके साथ ही अन्य सभी विभागों से विभागीय प्रगति की जानकारी ली एवं बेहतर प्रगति के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री बजरंग सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक श्री मनीष कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।