जिला कलक्टर ने किया महंगाई राहत कैम्प का फीता काटकर उद्घाटन
दस योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए गारन्टी कार्ड
सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद् सवाई माधोपुर में महंगाई राहत कैम्प का भव्य आगाज हुआ। यहां पर जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने फीता काटकर महंगाई राहत कैम्प का विधिवत उद्घाटन किया।
जिला कलक्टर ने महंगाई राहत कैम्प के अवसर पर लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में महंगाई राहत कैम्पों के साथ ही प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान का आगाज कर आमजन को बहुत बड़ा तौहफा दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई राहत कैम्पों में पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीयन करने के साथ-साथ उन्हें मुख्यमंत्री गारन्टी कार्ड प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कैम्पों में मुख्यमंत्री गैस सिलेण्डर योजना के तहत 500 रुपये में सिलेण्डर, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ता को 100 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली, कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली, मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारन्टी योजना के तहत नरेगा में 25 दिन का अतिरिक्त रोजगार, इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारन्टी योजना के तहत वर्ष में 125 दिन का कार्य का अवसर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में न्यूनतम 1000 रुपये प्रतिमाह पेंशन तथा प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत की वृद्धि, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का 25 लाख रुपये व मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में 10 लाख रुपये तक का बीमा तथा मुख्यमंत्री कामधेनू पशु बीमा योजना के तहत दो दुधारू गौवंशीय पशुओं के लिए प्रति पशु 40 हजार रुपये का बीमा कवर प्रदान कर लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे स्थाई एवं मोबाइल महंगाई राहत कैम्पों में पहुंचकर इन 10 योजनाओं का पंजीयन करवाकर लाभ प्राप्त करें। इस दौरान जिला कलक्टर ने साहूनगर महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 72 सीढ़ी स्थित कैम्प का भी निरीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के गारन्टी कार्ड वितरित किए।
जिला कलक्टर ने महंगाई राहत कैम्प के दौरान विभिन्न पात्र लाभार्थियों को अलग-अलग योजनाओं के गारन्टी कार्ड प्रदान कर लाभांवित किया। उन्होंने कैम्प के दौरान लाभार्थियों के लिए की जा रही ऑनलाइन प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी, एसडीएम कपिल शर्मा, नगर परिषद् आयुक्त होती लाल मीना सहित अन्य विभागीय अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।
जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना ने चौथ का बरवाड़ा की बिंजारी में महंगाई राहत कैम्प का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राहत कैम्प में पंजीकरण करवाने आए लोगों से संवाद कर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ चौथ का बरवाड़ा प्रधान शीतल पहाड़िया, एसडीएम चौथ का बरवाड़ा उपेन्द्र शर्मा, विकास अधिकारी समीक्षा वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके पश्चात मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंचायत समिति बौंली की ग्राम पंचायत बोरदा पहुंचे। यहां पर उन्होंने महंगाई राहत कैम्प में आए लोगों से संवाद कर विभागीय अधिकारियों को उनकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी बौंली बद्री लाल मीणा, विकास अधिकारी नवीन गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार महंगाई राहत कैम्प करेल मलारना डूंगर का उद्घाटन पंचायत समिति प्रधान मलारना डूंगर देवपाल मीना ने किया। उन्होंने राहत कैम्पों में लाभार्थियों को गारन्टी कार्ड भी वितरित किए।