जिला कलक्टर ने बाल कल्याण समिति एवं बाल अधिकारिता कार्यालय का किया निरीक्षण
झालावाड़ । जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को बाल कल्याण समिति एवं बाल अधिकारिता कार्यालय धनवाड़ा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बाल कल्याण समिति के सदस्यों के साथ चर्चा करते हुए जिले में समिति द्वारा बाल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक कृष्णकांत सांखला ने विभाग द्वारा बच्चों के संरक्षण, उनके शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास और उनके रखरखाव के संबंध में जिला कलक्टर को सम्पूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने किशोर सम्प्रेषण गृह में बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि बच्चों की काउन्सिलिंग व उनकी देखभाल सही तरीके से हो। इस दौरान उन्होंने पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरणों एवं नियमों के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने शिशु गृह सहित सम्पूर्ण कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान बाल कल्याण समिति के सदस्य गजेन्द्र सेन, बबली मीना, पूर्णिमा सिकरवार उपस्थित रहे।