जिला कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न अनुभागों का किया निरीक्षण
बूंदी। नव नियुक्त जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और संबंधित कार्मिकों एवं अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण के मुआवजों, संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण तथा सहायता संबंधित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इन कार्यो में किसी भी स्तर पर देरी नहीं हो।
उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके विभाग से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण त्वरित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत दी जा सके। उन्होंने भूमि उपयोग परिवर्तन संबंधी प्रकरणों के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि भू आवंटन के प्रकरणों में संबंधित व्यक्ति को पत्र की तामिल समय पर करवाई जावे।
इस दौरान उन्होंने न्याय शाखा, प्रस्थापन शाखा, निर्वाचन शाखा, सहायता व सामान्य अनुभाग, लेखा शाखा, राजीविका कार्यालय सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) नवरत्न कोहली भी मौजूद रहे।