मारवाड़ जंक्शन दौरे पर रहे जिला कलेक्टर
-
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस थाना व सब ट्रेजरी का किया औचक निरीक्षण
पाली। जिला कलेक्टर एलएन मंत्री मंगलवार को मारवाड़ जंक्शन दौरे पर रहे जहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस थाना एवं उपकोष कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये। मंत्री औचक निरीक्षण के तहत मंगलवार दोपहर सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां उन्होंने चिकित्सा कर्मियों और स्टाफ से उनके कार्यों की जानकारी ली, इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने के निर्देश प्रदान किये। तत्पश्चात मंत्री पुलिस थाना पहुंचे जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों तथा थाने में कार्यरत अन्य कार्मिकों से बातचीत करते हुए कानून व्यवस्था से जुड़े स्थानीय मुद्दों और कामकाज को लेकर जानकारी ली। तत्पश्चात श्री मंत्री उप कोष कार्यालय भी पहुँचे जहाँ उन्होंने सामान्य जानकारी लेते हुए कार्यालय प्रतिवेदन के बारे में स्थानीय कार्मिकों से चर्चा की। इस अवसर पर औचक निरीक्षण के दौरान तहसीलदार मारवाड़ जंक्शन वीरेंद्र सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।