Dark Mode
जिला कलक्टर ने की सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं की समीक्षा*

जिला कलक्टर ने की सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं की समीक्षा*

 गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति की वस्तुस्थिति का लिया जायजा

जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट में सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में  जिला कलक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति की वस्तुस्थिति का जायजा लिया| वहीं लू व मौसमी बीमारी से बचाव एवं रोकथाम के सम्बन्ध में प्रभारी अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश प्रदान किए|
 
इस दौरान जिले में लागू आदर्श आचार संहिता की अनुपालना, कानून व्यवस्था, ई-फाइलिंग प्रणाली क्रियान्वयन, निरीक्षण एवं समीक्षा बैठकों की अनुपालना रिपोर्ट, सम्पर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों के निस्तारण आदि की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की विभागवार समीक्षा भी की गई ।
 
जिला कलक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समस्त प्रभारी अधिकारी स्वयं के कार्यालय एवं अन्य अधीनस्थ विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण करें| निरीक्षण के दौरान वे कार्यालयों में समय पर उपस्थिति, ई-फाइल क्रियान्वयन, औसत फाइल निस्तारण समय की प्रभावी मोनिटरिंग करें| साथ ही अधिकारियों के राजकीय दौरों, कार्यक्रमों एवं कार्यालयों मे आगंतुकों द्वारा गुलदस्तों अथवा मोमेन्टोस देने की प्रथा को भी शीघ्र अतिशीघ्र बंद करावें| वहीं राजकीय कार्यालयों में प्लास्टिक फोल्डर्स के स्थान पर कागज के फोल्डर्स, जिसमें विभाग का नाम छपा हो, का उपयोग प्रारंभ किया जाना सुनिश्चित करें| आमजन की समस्याओं एवं परिवादों का समयबद्ध रूप से नियमानुसार आदर्श आचार संहिता के तहत प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए|
 
जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.एल. मीना को गर्मी के मौसम को देखते हुए गर्मी की लहर (लू) से बचाव, रोकथाम एवं उपचार हेतु राजकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए| साथ ही सभी राजकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपचार हेतु आवश्यक ओ.आर.एस. पैकेट्स, पंखे, कूलर, आइस पेक्स आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये| जिससे लू अथवा गर्मी की लहर के कारण जिले में किसी की भी जिंदगी खोनी नहीं पड़े| इसके अतिरिक्त बाज़ारों, रेल्वे स्टेशन, एवं बस स्टेंड आदि पर राहगीरों एवं यात्रियों के लिए राजकीय एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थायों द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे शीतल पेयजल एवं प्याऊ की वस्तुस्थिति की भी जानकारी संबन्धित अधिकारियों से प्राप्त की| वहीं रेनबसेरों में भी शीतल पेयजल एवं गर्मी की लहर से बचाव हेतु उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी नगर परिषद के सहायक अभियंता तरुण जैन से ली और उचित व्यवस्था आमजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये| 
 
इस दौरान जिला कलक्टर ने अभियान स्तर पर गर्मी की लहर (लू) से बचाव, रोकथाम एवं उपचार के प्रति चिकित्साकर्मियों, एएनएम एवं आशा सहयोगिनीओं के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार के माध्यम से आमजन को जागरूक करने के निर्देश सीएमएचओ को दिये|  मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ्य अधिकारी ने जिला कलक्टर को मौसमी बीमारियों की रोकथाम से संबन्धित अब किए गए कार्यों से अवगत कराया और आश्वस्त कराया कि उनके विभाग द्वारा किए गए प्रयासों से मौसमी बीमारियों के सम्बंध में स्थिति पूर्ण रूप से नियंत्रण में है|
 
जिला कलक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले के शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति को बढ़ाने के निर्देश जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता रामकेश मीना को दिये जिससे जिले में किसी भी प्रकार के पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं हो| उन्होंने अधिशासी अभियंता से सप्ताहभर में अब तक किए गए नल कनेक्शनों से संबन्धित जानकारी ली| वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए अब तक जारी किए गए कार्यादेशों के तहत संचालित कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा भी प्राप्त किया| एफएसटी के अंतर्गत शत प्रतिशत लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल कर कार्य समापन रिपोर्ट सक्षम स्तर को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये| वहीं हेंडपम्प मरम्मत अभियान की प्रगति के सम्बंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की|
 
इस दौरान जिला कलक्टर ने पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. योगेश शर्मा से जिले में गर्मी को देखते हुए पशु चिकित्सा के सम्बंध सभी स्तरों पर उपलब्ध सुविधाओं का ब्यौरा लिया और पशुओं से संबन्धित मौसमी रोगों के निस्तारण से संबन्धित जरूरी दिशा निर्देश दिये|
 
*आमजन से की अपील*
 
गर्मी की लहर (लू) को देखते हुए जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम को देखते हुए यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस बार गर्मी की लहर (हीट वेव) का प्रभाव काफी ज्यादा हो सकता है| प्रशासन की ओर से यह अपील करना चाहूँगा कि आप लोग कोशिश करें कि जो गर्मी का सीजन है उसमें आप सभी खुद की सेहत का भी ध्यान रखें| साथ ही अपने परिवार के सदस्यों की सेहत का भी ध्यान रखें| ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लें| अगर आप धूप में कहीं निकल रहें हैं तो कोशिश करें कि पानी की बोतल साथ रखें| जो भी कपड़े पहन रहें हैं हल्के रंग के सूती कपड़े पहन कर निकलें| इसके अलावा आपके पास यदि कोई पालतू पशु है उसके लिए छाया और पानी का पुख्ता इंतेजाम रखें| साथ ही अपने बच्चों, बुजुर्गों एवं परिवार के सदस्यों को भी जितना हो सके धूप में जाने से बचाएं और नियमित अंतराल से पानी एवं शीतल पेयजल आदि पिलाते रहें| अगर इस दौरान स्वास्थ्य से संबन्धित आपको कोई भी समस्या आए तो तुरन्त अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर उचित उपचार करावें| 
 
इस दौरान जिला कलक्टर ने समस्त विभागों के प्रभारी अधिकारियों को उनके विभाग के अन्तर्गत संचालित आवश्यक सेवाओं से संबधित विकास एवं मरम्मत के कार्यों, बजट घोषणाओं से संबंधित चल रहे निर्माण कार्यों, ई-फाइलिंग प्रणाली क्रियान्वयन एवं विभागीय योजनायों में निर्धारित लक्ष्य को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए तय समयावधि में नियमानुसार पूर्ण करवाया जाना सुनिश्चित करने के आदेश दिये। वहीं 181, संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा|
 
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता रूप सिंह गुर्जर को विद्युत की सुचारू आपूर्ति के लिए जरूरी उपकरणों की कार्यशीलता एवं सुरक्षा को नियमित निगरानी के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। वहीं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, कृषि विद्युत कनेक्शन, नि:शुल्क बिजली योजना आदि की समीक्षा कर विस्तृत चर्चा की गई| 
 
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रवि वर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे|
 
 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!