जिला कलक्टर ने ली बैंकर्स अधिकारियों की बैठक
शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के सभी पात्र आवेदकों का ऋण 31 मार्च तक स्वीकृत करें-जिला कलक्टर
कोटा । जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने कहा कि इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में ऋण प्राप्त करने वाले कामगारों की गारंटर सरकार है उनके ब्याज की राशि का पुनर्भरण भी प्रशासन द्वारा किया जायेगा सभी बैंकर्स पात्र आवेदकों के ऋण समय पर जारी कर आम लोगों को स्वरोजगार प्राप्त करने में मददगार बने।
जिला कलक्टर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स अधिकारियों की बैठक लेते हुए राज्य सरकार द्वारा संचालित ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छोटे-छोटे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों, कामगारों के लिए इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की है। इसमें 50 हजार रूपए तक का ऋण की सहायता मिलने से व्यक्ति परिवार की आजीविका के लिए स्वरोजगार कर विकास में भागीदार बनता है। ऐसे व्यक्तियों की ऋण की किश्तें समय पर जमा होने के साथ उनके ब्याज पर अनुदान सरकार द्वारा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी बैंकर्स ऐसे व्यक्तियों के आवेदनों को संवेदनशीलता से लेते हुए नगर निगम एवं विभिन्न विभागों द्वारा भिजवाएं गए आवेदनों में समय पर ऋण स्वीकृत कर लोगों को लाभ प्रदान करें। बैंकवार प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि 31 मार्च तक सभी पात्र आवेदकों को ऋण का वितरण किया जाना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने कहा कि व्यक्ति स्वरोजगार के माध्यम से स्वयं की आजीविका चलाने के साथ बचत की आदत भी विकसित करता है, ऐसे में ऐसे ऋण समय पर जमा हो पाएंगे। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को व्यक्तिशः रूचि लेकर आवेदन पत्रों की जांच के साथ ऋण वितरण करने तथा नगर निगम के अधिकारियों को विभिन्न बैंक शाखाओं में भेजे गए आवेदनों के लिए समन्वय करते हुए ऋण स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक को बैंकवार भिजवाए गए आवेदन की समीक्षा कर 31 मार्च तक वितरण करवाने के निर्देश दिए।
जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक केआर मीणा ने बताया कि जिले में सभी बैंको में 13 हजार 74 आवेदन लंबित हैं, बैंकों द्वारा 3 हजार 708 पात्र आवेदकों को एक हजार 536 लाख रूपए का ऋण वितरण किया जा चुका है। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को ऋण स्वीकृत कर समय पर वितरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम दक्षिण अम्बालाल मीणा सहित सभी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।