Dark Mode
जिला कलक्टर ने ली विभागवार योजनाओं की समीक्षा बैठक

जिला कलक्टर ने ली विभागवार योजनाओं की समीक्षा बैठक

सभी विभाग फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं को समय पर क्रियान्वित करें-जिला कलक्टर

 

कोटा । जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर सभी विभागों को फ्लैगशिप योजनाओं में राज्य स्तर पर निर्धारित रैंकिंग के अनुसार प्रथम पायदान पर रहने के लिए शत्-प्रतिशत पात्रजनों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं में सरकार की मंशा के अनुरूप जिले के पात्र नागरिकों का स्वप्रेरणा से चयन कर उन्हें लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में विभागीय स्तर पर चयन, सत्यापन के मामले में लापरवाही नहीं बरतीं जाए। विभागीय अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के समय फ्लैगशिप योजनाओं की क्रियान्विति का भी निरीक्षण कर आम लोगों से मिल रहे लाभ के बारे में फीडबैक लें। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए शुद्ध के लिए युद्ध अभियान में आगामी होली के पर्व से पूर्व विशेष कैम्पेन चलाकर प्रत्येक उपखण्डवार खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर मिलावट करने वालों खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने निःशुल्क दवा योजना में सभी चिकित्सा संस्थानों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिरंजीवी योजना में पैकेज बुक कर पंजीयन से छूटे हुए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे नागरिकों के भौतिक सत्यापन के लिए सभी ग्राम विकास अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए मोबाइल एप को डाउनलोड कर घर-घर सत्यापन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक रूपए किलो गेंहू वितरण योजना में राशन की दुकानों से वितरण नहीं होने पर संबंधित डीलर का आवंटन कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा सम्बल योजना, इंदिरा गांधी क्रेडिट कार्ड योजना जैसे कार्यक्रमों में अधिकारी सभी पात्र लोगों से व्यक्तिशः सम्पर्क लाभान्वित करें। उन्होंने इंदिरा रसोई योजना में बंद रसोई को नियमानुसार चालू करवाने के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बाल गोपाल योजना एवं मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना में पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित कर रैंकिंग में सुधार करने के निर्देश दिए।
बजट घोषणा समय पर हो पूरी-
जिला कलक्टर ने वर्षवार बजट की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए चालू वित्तीय वर्ष की बजट घोषणाओं के अलावा शेष के प्रगतिरत् कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं मे निर्माण कार्यों से संबंधित कार्यस्थल पर कार्यकारी एजेंसी के साथ संबंधित विभाग भी समन्वय रखते हुए निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि जहां भी योजनाओं के क्रियान्वयन में व्यवधान आए अथवा एक से अधिक विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाए। उन्होंने बजट घोषणा 2023-24 के जिले से संबंधित घोषणाओं की क्रियान्वयन के लिए अभी से तैयारी कर समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा, उपायुक्त नगर निगम गजेन्द्र सिंह, उप सचिव यूआईटी मोहम्मद ताहिर, एसीईओ जिला परिषद सरिता, अधीक्षक अभियंता सानिवि राजेश कुमार सोनी, जल संसाधन आरके जेमनी, मुख्य आयोजन अधिकारी जेपी महावर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!