ईवीएम वेयरहाउस पहुंचीं जिला कलक्टर, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Chittorgarh : जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. मंजू ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा और संरक्षण चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में वेयरहाउस की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही पुलिस उप अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है, ताकि मशीनों की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।