स्वीप गतिविधियों के तहत प्रचार सामग्री का जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया विमोचन
बूंदी। मतदाताओं को जागरूक कर आगामी लोकसभा आम चुनाव, 2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत विविध जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने शुक्रवार को जिला कलक्टेªट सभागार में स्वीप गतिविधियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में आगामी दिनों में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से तैयार करवाई गई प्रचार सामग्री का विमोचन किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनकी गाड़ी पर जागरूकता स्टीकर लगाकर मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया जावे। जिन क्षेत्रों में विगत लोकसभा आम चुनाव के दौरान मतदान का प्रतिशत कम रहा था, उन क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करवाई जावे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 20 अप्रैल के बाद महिला एवं बाल विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मतदाताओं को पीले चावल देकर मतदान करने के लिए आमंत्रित करें। उन्होंने निर्देश हम सभी का प्रयास रहे कि मतदान दिवस पर कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा ईसीआई द्वारा संचालित सी-विजल, सक्षम व वीएच एप का आमजन की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में भी प्रचार प्रसार किया जावे, ताकि आमजन अधिकाधिक उपयोग कर सके।
उन्होंने बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत अलग अलग दिन अभियान चलाकर मतदाता जागरूकता के लिए तैयार गए स्टीकर, पोस्टर का सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जावे। उन्होंने बताया कि मिठाई के डब्बे, चाय के लिए कागज से बने कपों पर जागरूकता स्लोगन लिखवाए गए है। इनके माध्यम से भी ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच बनाई जावे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुर्गाशंकर मीणा, सीईडीओ डॉ. महावीर शर्मा, महिला एवं बाल विकास की उपनिदेशक ऋचा चतुर्वेदी, डीओआईटी के महेंद्र पाल, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग रामराज मीना, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, नगर परिषद मोनिका, स्पीप आइकन सर्वेश तिवारी, कौशल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।