जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया मतगणना स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा
बूंदी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने आगामी विधानसभा आम चुनाव, 2023 के लिए की जा रही तैयारियों के तहत मतगणना स्थल राजकीय महाविद्यालय में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कक्षों में लगाई जाने वाली टेबिलों, उनमें प्रकाश व्यवस्था, मतगणना अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को रखने के लिए निर्धारित किए जाने वाले स्टोर रूम, पोस्टल बैलेट रूम आदि का भी अवलोकन किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि महाविद्यालय परिसर में तीनों विधानसभा के लिए आवश्यक काउंटर व्यवस्था की कार्य योजना बनाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम मशीन के लिए स्ट्रांग रूम में आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जावे। इसके अलावा मतगणना स्थल साफ सफाई सुनिश्चित रखी जावे।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज परिडवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल सिंह ,सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता मनीष मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।