Dark Mode
जिला रोजगार अधिकारी स्वयं परिवादियों से मिलकर करेंगे समस्याओं का समाधान- एसीएस

जिला रोजगार अधिकारी स्वयं परिवादियों से मिलकर करेंगे समस्याओं का समाधान- एसीएस

 

जयपुर। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण की दिशा में गुरुवार को कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संदीप वर्मा ने राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) कॉल सेंटर मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने विभाग से जुड़े परिवादों के निस्तारण की वस्तुस्थिति जानने के लिए विभागीय डैशबोर्ड का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की प्रकृति, लंबित मामलों की स्थिति और उनके समाधान की गुणवत्ता की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्वयं कई परिवादियों से ऑडियो एवं वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय प्रक्रिया के साथ-साथ धरातल पर जाकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे परिवादियों को वास्तविक राहत मिल सके। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिला रोजगार अधिकारी केवल कार्यालयीन प्रक्रियाओं पर निर्भर न रहें बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर परिवादियों से व्यक्तिगत मुलाकात करें, समस्याओं की जड़ तक पहुंचकर उनका गहन अध्ययन करें, जिससे युवाओं व आमजन को एक ही बार में संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके। श्री वर्मा ने कहा कि युवाओं के रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और उद्यमिता से जुड़े हर मामले को पूरी संवेदनशीलता व प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी परिवादों के त्वरित व संतुष्टिपरक समाधान की प्रगति जांचने के लिए शीघ्र ही एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे व्यवस्था और अधिक प्रभावी व जवाबदेह बन सके। निरीक्षण के दौरान विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं आईटी विंग के तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!