जिला स्तरीय बैंक सलाहाकर समिति की बैठक आयोजित
श्रीगंगानगर। जिला स्तरीय बैंक सलाहाकर समिति (डीएलआरसी/डीएलसीसी) की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाहॉल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर लोकबंधु ने की। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को राजस्थान सरकार की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं में केसीसी, जीवन ज्योति और एसीसी पर अधिक ध्यान देने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने आगामी लोकसभा आम चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने से पूर्व ऋण से संबंधित लम्बित प्रकरणों का निपटारा जल्द से जल्द करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो भी पात्र लाभार्थी इन योजनाओं के अंतर्गत आते है, उनको लाभ दिया जाये। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष का अंतिम माह चल रहा है, ऐसे में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्राप्त लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जाये। जिन योजनाओं में स्वीकृतियां जारी हो चुकी है, उन्हें ऋण वितरण करने में किसी प्रकार का विलम्ब न करे।
आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास 2000 रूपये की राशि के नोट है, वे नागरिक आरबीआई जयपुर में 10 से 20 नोट बिना किसी दस्तावेज के जमा करवाकर राशि सात दिवस के भीतर उनके खातों में जमा करवा दी जायेगी और यह सुविधा डाक द्वारा भी दी जा रही है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 31 दिसम्बर 2023 तक ऋण जमा अनुपात में कुल अग्रिमों का 129.32 प्रतिशत रहा जो कि राष्ट्रीय लक्ष्य का 60 प्रतिशत है। कृषि के क्षेत्र में कृषि ऋण में 7871.87 करोड़ जो 46.88 प्रतिशत है। लघु उद्योग स्थापित करने को लेकर 3350.81 करोड़ रूपये के ऋण दिये गये, जो कुल अग्रिमों का 19.95 प्रतिशत है। अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में 844.68 करोड़ रूपये, कुल प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र को 12067.36 करोड़ रूपये का ऋण वितरित किया गया, जो 71.86 प्रतिशत है। 3398.24 करोड़ का ऋण कमजोर वर्गों को दिया गया। जिले की वित्तीय संस्थाओं की जमाएं 12985.38 एवं अग्रिम रूपये 16792.36 करोड़ रही, जिसमें वाणिज्यिक बैंकों की जमाएं 12034.88 करोड़ एवं अग्रिम रूपये 15511.83 करोड़ है। कृषि के क्षेत्र में दिसम्बर 2023 तक 6041.50 करोड़ वार्षिक लक्ष्य के विरूद्ध 5209.83 करोड़ रूपये की उपलब्धि रही, जो 86.23 प्रतिशत है। जिले का सीडी रेशो 129.32 प्रतिशत है, जो संतोषजनक है।
बैठक में जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अमरजीत सिंह, एलडीएम एनसी जैन, जिला उद्योग केन्द्र से हरीश मित्तल, क्षेत्रीय कार्यालय आरएमजीबी से अतुल सरदाना सहित अन्य बैंक अधिकारियों ने भाग लिया। (फोटो सहित)